बरेली: प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराएगी स्मार्ट सिटी लिमिटेड
अमृत विचार, बरेली। अगर आप प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं तो आपके लिए खुशखबरी है। स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत शहरवासियों के लिए उनके वार्ड में स्मार्ट क्लासेज की स्थापना कर आनलाइन पढ़ाई कर सुविधा उपलब्ध कराने का खाका तैयार किया जा रहा है। इन जगहों पर बड़े शहरों के कोचिंग संचालकों को …
अमृत विचार, बरेली। अगर आप प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं तो आपके लिए खुशखबरी है। स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत शहरवासियों के लिए उनके वार्ड में स्मार्ट क्लासेज की स्थापना कर आनलाइन पढ़ाई कर सुविधा उपलब्ध कराने का खाका तैयार किया जा रहा है। इन जगहों पर बड़े शहरों के कोचिंग संचालकों को जोड़ा जाएगा।
स्मार्ट सिटी लिमिटेड निदेशक मंडल ने शहरवासियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए ई लर्निंग प्रोजेक्ट को मंजूरी दे दी है। इसके तहत शहर के 80 वार्डों में स्मार्ट क्लासेज तैयार कराई जाएंगी। वहां विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले अभ्यर्थियों को अध्ययन की बेहतर सुविधा दी जाएगी।
इस जगह पर प्रोजेक्ट के जरिए पाठ्य सामग्री को दिखाया जाएगा। इसे स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत दो करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली डिजिटल लाइब्रेरी से जोड़ा जाएगा। जिससे महत्वपूर्ण किताबें उपलब्ध होंगी। योजना है कि प्रसिद्ध कोचिंग सेंटर के संचालकों को भी इसे जोड़ा जाएगा ताकि सप्ताह में किसी भी दिन निर्धारित कर उनसे प्रतियोगी अभ्यर्थियों की जानकारी मिल सकेगी।
ई लर्निंग प्रोजेक्ट के तहत सभी वार्डों में स्मार्ट क्लासेज स्थापित की जाएंगी। इसके लिए तैयारी की जा रही है। कुछ निजी कंपनियों से सुझाव भी लिया जा रहा है। बेहतर बनाने के लिए कोचिंग संचालकों से संपर्क किया गया है। – संजय सिंह चौहान, जीएम स्मार्ट सिटी कंपनी
