बरेली: जब हम किराया पूरा दे रहे हैं तो टीवी क्यों नहीं चलेगा?
अमृत विचार, बरेली। रोडवेज बसों को लेकर अब यात्रियों की डिमांड बढ़ती जा रही है। वे किराए की कीमत में उन सुविधाओं को भी लेने की बात कर रहे हैं जो उन्हें नहीं दी जा सकती। जब उनकी डिमांड पूरी नहीं होती तो वह अधिकारियों के फोन घनघना देते हैं। ऐसा ही एक मामला रविवार …
अमृत विचार, बरेली। रोडवेज बसों को लेकर अब यात्रियों की डिमांड बढ़ती जा रही है। वे किराए की कीमत में उन सुविधाओं को भी लेने की बात कर रहे हैं जो उन्हें नहीं दी जा सकती। जब उनकी डिमांड पूरी नहीं होती तो वह अधिकारियों के फोन घनघना देते हैं। ऐसा ही एक मामला रविवार को सामने आया है जिसमें बस में टीवी नहीं चलने पर यात्री ने बरेली डिपो के एआरएम को फोन कर जवाब-तलब करने लगा।
लखनऊ के एक यात्री ने बरेली डिपो के एआरएम चीनी प्रसाद को करीब 2:30 बजे फोन किया और कहा कि उनकी जनरथ बस में लगी टीवी नहीं चल रही है। जब परिचालक से टीवी चलाने को कहा तो उसने साफ इनकार कर दिया। इस पर एआरएम ने कहा कि वह टीवी नहीं चलेगा क्योंकि उसे चलाने पर मनोरंजन कर देना पड़ता है मगर यात्री जिद पर अड़ गया और बोला कि उसने टिकट लिया है तो सभी सुविधाओं का लाभ भी उसे चाहिए।
इस पर एआरएम ने उसे समझाया कि जब तक वह यात्रियों से मनोरंजन कर नहीं वसूलेंगे तब तक वह टीवी नहीं चला सकते। जो किराया यात्री ने दिया था वह सिर्फ यात्रा का ही है। उसमें मनोरंजन कर शामिल नहीं है। काफी देर बहस करने के बाद भी जब यात्री नहीं माना तो एआरएम ने उसे जमकर फटकार लगाई। इसके बाद उसने फोन काटा। एआरएम चीनी प्रसाद ने बताया कि एक बार उन्होंने यात्री की बात मानते हुए बस में टीवी चलवा दिया था। इस पर तत्काल मनोरंजन विभाग ने डिपो को नोटिस भेज दिया था।
