बरेली: ओवरब्रिज बना तो दस जिलों के व्यापारी करेंगे आंदोलन
अमृत विचार, बरेली। कुतुबखाना ओवरब्रिज को लेकर व्यापारियों का विरोध जारी है। जनप्रतिनिधि 15 दिन में समस्या का समाधान करने का आश्वासन दे चुके हैं लेकिन व्यापारी अभी यही मान रहे हैं कि जनप्रतिनिधि इसे लेकर गंभीर नहीं है। इसे लेकर रविवार को उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल की एक बैठक प्रदेश अध्यक्ष बनवारी लाल …
अमृत विचार, बरेली। कुतुबखाना ओवरब्रिज को लेकर व्यापारियों का विरोध जारी है। जनप्रतिनिधि 15 दिन में समस्या का समाधान करने का आश्वासन दे चुके हैं लेकिन व्यापारी अभी यही मान रहे हैं कि जनप्रतिनिधि इसे लेकर गंभीर नहीं है। इसे लेकर रविवार को उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल की एक बैठक प्रदेश अध्यक्ष बनवारी लाल कंछल की अध्यक्षता में रोटरी भवन में हुई। इसमें कंछल ने कहा कि ओवरब्रिज किसी कीमत पर मंज़ूर नहीं है।
कोई भी पुल जनता को बर्बाद नहीं आबाद करने को बनाया जाता है। पांच हजार दुकानों से जुड़े एक लाख लोगों के पेट पर लात पड़ेगी तो पहले धरने पर हम बैठेंगे बाद में दस जिलों के व्यापारी इसमें शामिल होंगे। उन्होंने ओवरब्रिज को लेकर व्यापारियों का खुलकर समर्थन किया और प्रशासन को चेतावनी दी।
महानगर अध्यक्ष शोभित सक्सेना ने कहा कि प्रशासन की जिद के आगे व्यापारी किसी भी कीमत पर नहीं झुकेंगे। विपक्ष भी इस मामले में बिल्कुल शांत है। प्रदेश उपाध्यक्ष अमरजीत सिंह बख्शी ने कहा कि प्रशासन व्यापारियों का विकास नहीं विनाश करने पर आमादा है। प्रशासन की ऐसी नीति से दुकान से जुड़े लाखों लोग बर्बाद हो जाएंगे।
महानगर महामंत्री मनोज अरोरा ने कहा कि सरकार कोई भी हो व्यापारी हर तरीके की मदद करता है, इसलिए केंद्र व प्रदेश सरकार जो भी कदम उठाए वह व्यापारी हित को देखकर उठाये। संजय आनंद ने कहा कि श्यामगंज थोक और कुतुबखाना फुटकर का बाजार है। ओवरब्रिज बनने से बाजार उजड़ रहा है। जनप्रतिनिधि भी सिर्फ हवा-हवाई बातें करते हैं। कभी कोई स्पष्ट आश्वासन नहीं मिलता। किसी भी विधायक ने अभी तक व्यापारियों के हित में आवाज नहीं उठाई है। बैठक में दिनेश मामनानी, केसर रजा, राजीव ऐरन, संजय आनंद, प्रिंस सोढी, दानिश जमाल, जितिन अरोड़ा, अमरजीत सिंह बख्शी, आशू बेग, अरबाज खान, मनोज अरोड़ा, हरीश अरोड़ा आदि उपस्थित रहे।
जफर बेग प्रदेश उपाध्यक्ष, अजय प्रदेश मंत्री बने
प्रदेश अध्यक्ष बनवारी लाल कंछल ने समाजवादी पार्टी से जुड़े जफर बेग को प्रदेश उपाध्यक्ष और अजय गुप्ता को प्रदेश मंत्री के पद पर मनोनीत किया। जफर बेग के साथ बड़ी संख्या में शाहदाना के व्यापारियों ने व्यापार मंडल की सदस्यता ली।
11 फरवरी को होगा ऑनलाइन ट्रेडिंग का विरोध
ऑनलाइन ट्रेडिंग से व्यापार तबाह हो रहा है। सिर्फ चुनिंदा पूंजीपतियों को ही लाभ हो रहा है। व्यापार मंडल इसका भी कड़ा विरोध करता है। 11 व्यापार मंडलों के प्रतिनिधियों ने अनुरोध किया है केंद्र सरकार इस पर रोक लगाए लेकिन इस पर अंकुश नहीं लगा। इसके विरोध में 11 फरवरी को प्रदेश के सभी जिलों में विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
प्रदेश अध्यक्ष बनवारी लाल कंछल ने बताया कि जीएसटी, इनकम टैक्स, एक्साइज टैक्स हटाकर बैंक ट्रांजेक्शन टैक्स काटा जाए। इससे राजस्व तो बढ़ेगा ही, इंस्पेक्टर राज भी खत्म हो जाएगा। किसान और मजदूर भी सभी जंजाल से मुक्त हो जाएंगे।
