बरेली: पहले कुत्ते भिड़े फिर मालिक, एक की मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

फतेहगंज पूर्वी, अमृत विचार। कुत्तों के झगड़े में दो पक्ष आमने सामने आ गए। दोनों पक्षों में लाठी डंडे चले। इस दौरान एक पक्ष ने तमंचे से फायर कर दूसरे पक्ष के एक युवक को घायल कर दिया। वहीं घायल को बचाने आया उसका चचेरा भाई बेहोश हो गया। डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर …

फतेहगंज पूर्वी, अमृत विचार। कुत्तों के झगड़े में दो पक्ष आमने सामने आ गए। दोनों पक्षों में लाठी डंडे चले। इस दौरान एक पक्ष ने तमंचे से फायर कर दूसरे पक्ष के एक युवक को घायल कर दिया। वहीं घायल को बचाने आया उसका चचेरा भाई बेहोश हो गया। डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के परिजनों ने पीट पीटकर हत्या करने का आरोप लगाया। वहीं पुलिस ने जानलेवा हमले में रिपोर्ट दर्ज कर कई लोगों को हिरासत में लिया है।

थाना क्षेत्र के ग्राम अखट में शनिवार देर रात रघुवीर का कुत्ता गांव के प्रदीप के कुत्ते से लड़ रहा था। इसी बात पर रघुवीर ने गाली गलौज करना शुरू कर दिया। प्रदीप ने गाली गलौज का विरोध किया तभी रघुवीर घर से तमंचा ले आया और फायरिंग शुरू कर दी। गोली प्रदीप के हांथ में छूकर निकल गई। गोली चलने के बाद दोनों पक्षों में लाठी-डंडे चलने लगे।

प्रदीप ने बताया गोलियों की आवाज सुनकर गुड्डू, सगा भाई अतर सिंह और वीरेंद्र भी मौके पर आ गए। वहीं फायरिंग की आवाज सुनकर प्रदीप का चचेरा भाई रविंद्र (35) भी मौके पर आ गया। फायरिंग के बीच रविंद्र गिरकर बेहोश हो गया। लोगों ने उसे देखा तो रविन्द्र के मुंह से खून निकल रहा था। आनन फानन में ग्राम वासी रविन्द्र को लेकर नजदीकी अस्पताल ले जाने लगे, लेकिन रास्ते में ही रविन्द्र की मृत्यु हो गई।

जिसके बाद ग्रामीणों ने 112 डायल पुलिस को फोन कर सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं पुलिस ने रघुवीर को गिरफ्तार कर जानलेवा हमले में रिपोर्ट दर्ज की। थाना प्रभारी विजय कुमार के मुताबिक प्रदीप की तहरीर पर जानलेवा हमले के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है और रविन्द्र के घरवालों की आशंका पर मृतक का पोस्टमार्टम कराया जा है। पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लिया है।

हमले के बाद गांव में पुलिस फोर्स तैनात
कुत्तों के विवाद में हुई हमले में एक युवक की जान जाने के बाद गांव में पुलिस फोर्स तैनात किया गया। वहीं पुलिस फोर्स देखकर लोग अपने घरों में चले गए। दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में गांव वाले दहशत में है। उनका कहना है कि फायरिंग से गांव के अन्य लोग भी घायल हो सकते थे।

संबंधित समाचार