गोरखपुर: मुख्यमंत्री योगी ने चौरी चौरा शहीद स्मारक का निरीक्षण कर दिए ये अहम निर्देश
गोरखपुर। आगामी 4 फरवरी 2021 को चौरी चौरा आन्दोलन के 100 वर्ष पूर्ण होने वाले हैं। जिसके उपलक्ष्य में शाताब्दी वर्ष मनाये जाने के लिए आयोजित होने वाले कार्यक्रम के दृष्टिगत शहीद स्मारक चौरीचौरा का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निरीक्षण किया। योगी ने इस दौरान अधिकारियों को अहम निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते …
गोरखपुर। आगामी 4 फरवरी 2021 को चौरी चौरा आन्दोलन के 100 वर्ष पूर्ण होने वाले हैं। जिसके उपलक्ष्य में शाताब्दी वर्ष मनाये जाने के लिए आयोजित होने वाले कार्यक्रम के दृष्टिगत शहीद स्मारक चौरीचौरा का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निरीक्षण किया। योगी ने इस दौरान अधिकारियों को अहम निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि शहीद स्मारक के दीवारों पर चौरी चौरा आन्दोलन से जुड़े क्रान्तिकारियों के चित्रों की पेंटिंग बनावाई जाये तथा स्वतंत्रता आन्दोलन से जुड़े इतिहास एवं साहित्य को संग्रहित किया जाये। इसके साथ ही साहित्य एवं इतिहास का डिजिटलीकरण भी कराया जाये, जिससे आम जन उसका अध्ययन और जानकारी ले सके। उन्होंने निर्देश दिये कि चौरी चौरा स्मारक के संग्रहालय में रखी गयीं मूर्तियों पर उनके इतिहास को प्रदर्शित किया जाये।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों के साथ बैठक में निर्देश दिये कि चौरी चौरा स्मारक के सामने रेलवे की भूमि को शहीद पार्क के रूप में विकसित किया जाये। शहीद स्मारक स्थल तक आने वाली सड़क को ठीक कराया जाये। रेलवे लाइन के आस पास एवं शहीद स्थल तक आने वाली सड़क पर विशेष सफाई व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाये। उन्होंने कहा कि चौरी चौरा के लोगों का प्रयोग सभी शासकीय पत्राचारों एवं स्मृति चिन्हों तथा अन्य स्थानों पर भी किया जाये। उन्होंने चौरी चौरा रेलवे स्टेशन को विकसित करने हेतु प्रस्ताव बनाकर रेल मंत्रालय को भेजने हेतु निर्देशित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रमुख स्थानों पर चौरी चौरा के इतिहास लोगों को प्रदर्शित किया जाये, जिससे चौरीचौरा स्थल को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 4 फरवरी को आयोजित होने वाले कार्यक्रम का पूरे प्रदेश में सीधा प्रसारण भी किया जायेगा। इसके साथ ही आयोजित होने वाले कार्यक्रमों का कैलेंडर बनाया जाये। अन्य दिनों में भी विभिन्न शहीद स्मारकों पर भी कार्यक्रम आयोजित किया जाये। उन्होंने कहा कि प्रदेश के अन्य शहीद स्थलों पर भी कार्यक्रम आयोजित कराये जाये और सप्ताह में एक दिन शहीद स्मारकों पर पुलिस बैंड भी अपना कार्यक्रम करें।
उन्होंने कहा कि सभी शहीद स्थलों पर माह में एक बार कार्यक्रम अवश्य आयोजित हों और इसमें ज्यादा से ज्यादा जन सहभागिता सुनिश्चित की जाये। उन्होंने कहा कि 4 फरवरी को आयोजित होने वाले कार्यक्रम को पूरी भव्यता के साथ आयोजित किया जाय तथा चौरी चौरा आन्दोलन से जुड़े शहीदों के परिवारों को सम्मानित किया जाये। इसके साथ ही शहीदों के परिजनों को शासकीय योजनाओं का लाभ भी दिया जाये।
इस अवसर पर सांसद बासगांव कमलेश पासवान, विधायक चौरीचौरा संगीता यादव, अपर पुलिस महानिरीक्षक दावा शेरपा, मण्डलायुक्त जयन्त नार्लिकर, जिलाधिकारी के विजयेन्द्र पाण्डियन, क्षेत्रीय अध्यक्ष डा. धर्मेन्द्र सिंह, सहित विभिन्न जन प्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
