बरेली: अपनी साइड का नहीं रखते ध्यान, खतरे में डाल रहे जान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, बरेली। दो साल पहले बहेड़ी में गलत दिशा में आने की वजह से दो कारों की भिड़ंत में तीन दोस्तों समेत चार लोगों की जान चली गई थी। वहीं, लगभग डेढ़ साल पहले फरीदपुर में गलत दिशा में चलने की वजह से रोडवेज और ट्रक की टक्कर हो गई थी। इस हादसे में …

अमृत विचार, बरेली। दो साल पहले बहेड़ी में गलत दिशा में आने की वजह से दो कारों की भिड़ंत में तीन दोस्तों समेत चार लोगों की जान चली गई थी। वहीं, लगभग डेढ़ साल पहले फरीदपुर में गलत दिशा में चलने की वजह से रोडवेज और ट्रक की टक्कर हो गई थी। इस हादसे में आठ लोगों की जान गई थी। इसके अलावा लगभग साढ़े तीन साल पहले बड़ा बाईपास पर गलत दिशा में आ रहे ट्रक ने बस में टक्कर मार दी थी। इस हादसे में बस में सवार 25 लोग जिंदा जलकर मर गए थे।

गलत दिशा में चलने की वजह से हादसों में जान गंवाने के ये तीन मामले तो उदाहरण मात्र हैं। इस तरह के कई हादसे आए दिन होते हैं। कभी इन हादसों में लोगों की जान चली जाती है तो कभी लोग गंभीर रूप से घायल हो जाते हैं। इसके बावजूद लोग गलत दिशा में चलकर अपनी जान खतरे में डालते हैं। सड़क सुरक्षा माह के तहत हादसों में लोगों की जान बचाने के लिए अलग-अलग तरीकों से जागरूक किया जा रहा है लेकिन गलत दिशा में चलने वालों पर कोई सख्त एक्शन नहीं लिया जाता है। ट्रैफिक पुलिस ज्यादातर बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के ही चालान काटने में व्यस्त रहती है।

शहर के अंदर की सड़कों की बात करें या हाईवे की, सभी जगह एक जैसे ही हालात हैं। जल्दबाजी और कुछ दूरी बचाने के चक्कर में लोग गलत दिशा में वाहन लेकर जाते हैं। इससे वे अपनी जान के साथ ही सही दिशा से आने वाले वाहन चालकों की भी जान खतरे में डालते हैं। शहर में ज्यादातर सड़कें दो लेन में बनी हुई हैं। पीलीभीत रोड, किला रोड, स्टेडियम रोड, डीडीपुरम रोड, गांधी उद्यान से चौकी चौराहा होते हुए स्टेशन तक, चौकी चौराहे से पटेल चौक तक, पटेल चौक से चौपुला चौराहे तक सड़कें दो लेन में हैं।

इसके बावजूद अक्सर लोग कहीं से भी कट से निकलकर गलत दिशा में चलते नजर आ जाते हैं। गलत दिशा में चलने वालों के खिलाफ सिर्फ खुर्रम गौटिया के पास कार्रवाई की जाती है। यहां पर कभी-कभार पुलिसकर्मी चेकिंग कर चालान करते नजर आ जाते हैं लेकिन कुछ घंटे बाद हालात वैसे ही रहते हैं। यहां भी कुछ वर्ष पहले एक बाइक सवार की ट्रक की टक्कर से मौत हो गई थी। इसके अलावा एक बार बस से तांगा भी टकरा चुका है। इसके अलावा कहीं भी गलत दिशा में चलने वालों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जाती है।

संबंधित समाचार