मुरादाबाद: भाजपा विधायक रितेश गुप्ता को मिली जान से मारने की धमकी, प्रधानमंत्री के लिए भी अपशब्द कहा
मुरादाबाद। शहर विधायक रितेश गुप्ता को जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पाकिस्तान से आई काल में युवक ने उनको व पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी है। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए भी अपशब्दों का प्रयोग किया। करीब डेढ़ मिनट तक हुई बात के …
मुरादाबाद। शहर विधायक रितेश गुप्ता को जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पाकिस्तान से आई काल में युवक ने उनको व पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी है। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए भी अपशब्दों का प्रयोग किया। करीब डेढ़ मिनट तक हुई बात के दौरान वह लगातार जान से मारने की धमकी देता रहा। फोन कटने के बाद तुरंत विधायक ने इसकी सूचना एसएसपी को दी। उनकी तहरीर के आधार पर गलशहीद थाने में मामला दर्ज करने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है। थाना पुलिस के अलावा सर्विलांस की टीम को भी लगाया गया है।
शहर विधायक रितेश गुप्ता के अनुसार 31 दिसंबर की सुबह उनके फोन पर वाट्सएप काल आई, 12 अंकों का मोबाइल नंबर होने के कारण वह कुछ असमंजस में पड़ गए। बाद में फोन रिसीव किया तो सामने से एक युवक बात कर रहा था। कुछ सेकेंड काल करने के बाद वह अभद्रता करने लगा। आरोप है कि गाली-गलौच करने के साथ ही उसने जान से मारने की धमकी देने लगा। उनके साथ ही पूरे परिवार की हत्या करने की बात कही। इस बीच वह पीएम नरेंद्र मोदी और आरएसएस के कार्यकर्ताओं को भी खरी-खोटी सुनाता रहा।
आरोपी का कहना था कि दिल्ली में इजरायली दूतावास पर हुए हमले को ट्रायल बताया। करीब डेढ़ मिनट तक हुई बातचील के दौरान वह लगातार जान से मारने की धमकी देता रहा। विधायक ने इसकी सूचना एसएसपी प्रभाकर चौधरी को दी तो उन्होंने नंबर सर्विलांस पर लगवा दिया। विधायक के अनुसार ट्रैस करने के बाद मालूम हुआ कि नंबर पाकिस्तान का है। उन्होंने गलशहीद थाने में रिपोर्ट दर्ज करा दी है। एसएसपी प्रभाकर चौधरी का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पहले भी मिल चुकी है विधायक को धमकी
शहर विधायक को जान से मारने की धमकी भरा फोन पहली बार नहीं आया है, इससे पहले भी उनको फोन करके धमकाया गया था। विधायक के अनुसार वर्ष 2018 में भी उनको धमकी भरा फोन आया था। तत्कालीन एसएसपी को सूचना देने के साथ ही रिपोर्ट भी दर्ज करा दी थी। लेकिन, पुलिस उस नंबर को ट्रैस नहीं कर सकी, जिस कारण आरोपी हत्थे नहीं लगा।
शहर विधायक रितेश गुप्ता ने बताया कि रविवार की सुबह वाट्सएप पर धमकी भरी काल आई थी। एसएसपी को सूचना देने के साथ ही गलशहीद थाने में सोमवार को रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है। दो साल पहले भी धमकी भरा फोन आ चुका है।
