मुरादाबाद: कोर्ट में पेश हुए आजम खां और अब्दुल्ला, अब छह फरवरी को होगी अगली सुनवाई
मुरादाबाद, अमृत विचार। सपा के कद्दावर नेता व रामपुर के सांसद मोहम्मद आजम खां व उनके बेटे अब्दुल्ला आजम को छजलैट कांड व फिल्म अभिनेत्री जयाप्रदा पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में कोर्ट में पेश किया गया। छजलैट कांड में दर्ज दोनों मामलों में आजम खां व अब्दुल्ला आजम पर आरोप तय हो गए। …
मुरादाबाद, अमृत विचार। सपा के कद्दावर नेता व रामपुर के सांसद मोहम्मद आजम खां व उनके बेटे अब्दुल्ला आजम को छजलैट कांड व फिल्म अभिनेत्री जयाप्रदा पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में कोर्ट में पेश किया गया। छजलैट कांड में दर्ज दोनों मामलों में आजम खां व अब्दुल्ला आजम पर आरोप तय हो गए। अब दोनों मामलों में कोर्ट में गवाही और जिरह होगी।
जयाप्रदा पर टिप्पणी के मामले में कोर्ट ने रिमांड लिया। करीब 20 मिनट तक चली सुनवाई के बाद छजलैट कांड में चार व जयाप्रदा वाले मामले में अगली सुनवाई के लिए आठ फरवरी मुकर्रर की गई है। सुनवाई के बाद दोनों को कड़ी सुरक्षा के बीच वापस सीतापुर जेल ले जाया गया।
जनवरी वर्ष 2008 में आजम खां व उनके बेटे अब्दुल्ला आजम समेत तमाम सपाइयों के खिलाफ छजलैट थाने में मामला दर्ज किया गया था। कोर्ट में पेश न होने पर करीब एक साल पहले आजम खां को फरार बताते हुए छजलैट में एक अन्य मामला दर्ज किया गया था। इसके अलावा 30 जून 2019 को आजम खां, अब्दुल्ला आजम व सांसद डा. एसटी हुसैन समेत सात सपाइयों के खिलाफ भी कटघर थाने में एक मामला दर्ज किया गया था। उन पर सांसद बनने के बाद कटघर क्षेत्र में हुई जनसभा में रामपुर की पूर्व सांसद जयाप्रदा पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप था।
मामले की जांच रामपुर क्राइम ब्रांच द्वारा की जा रही है। इधर करीब 11 माह पहले आजम व अब्दुल्ला को सीतापुर जेल भेज दिया गया था। जुलाई में पहली बार दोनों छजलैट कांड में मुरादाबाद की एमपी-एमएलए कोर्ट में पेश हुए थे। न्यायिक अभिरक्षा में लेने के बाद उनको सीतापुर जेल भेज दिया गया था। इधर जयाप्रदा पर टिप्पणी करने के मामले में करीब सवा माह पहले हुई सुनवाई में आजम व अब्दुल्ला आजम को कस्टडी में लेने के बाद वारंट जारी कर दिए गए हैं।
दोनों पर आरोप तय, होगी गवाही
विशेष लोक अभियोजक मोहनलाल विश्नोई ने बताया कि वर्ष 2008 में हुए बवाल में दर्ज मामले में दोनों पर आरोप तय हुए हैं। वर्ष 2019 में छजलैट थाने में दर्ज फरारी वाले मामले में केवल आजम खां पर आरोप तय किए गए हैं। बवाल वाले मामले में चार व फरारी व जयाप्रदा पर आपत्तिनजक टिप्पणी करने के मामले में आठ फरवरी को सुनवाई होगी। वहीं पेशी के दौरान सुरक्षा के कड़े प्रबंध रहे।
