बरेली: आप थोड़ा ठहरिए! अब इधर के वाहन निकलेंगे…

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, बरेली। ‘आप थोड़ा ठहरिए… अभी आपकी बारी नहीं है, अब इधर के वाहन निकलेंगे। जल्दबाजी मत कीजिए हमें आपकी सुरक्षा के लिए ही तैनात किया गया है।’ कुछ इसी तरह का नजारा आज शहर के भीड़भाड़ वाले चौराहों पर देखने को मिला। आए दिन जिन बाजारों और चौराहों में भीषण जाम की स्थिति …

अमृत विचार, बरेली। ‘आप थोड़ा ठहरिए… अभी आपकी बारी नहीं है, अब इधर के वाहन निकलेंगे। जल्दबाजी मत कीजिए हमें आपकी सुरक्षा के लिए ही तैनात किया गया है।’

कुछ इसी तरह का नजारा आज शहर के भीड़भाड़ वाले चौराहों पर देखने को मिला। आए दिन जिन बाजारों और चौराहों में भीषण जाम की स्थिति रहती थी वहां मंगलवार को पुलिस की तत्परता ने लोगों को राहत दिलाई। इस दौरान पुलिस कर्मियों ने जल्दबाजी करने वालों को आराम से समझाया और विरोध करने पर कार्रवाई की बात भी कही।

चौराहों और बाजारों में अचानक बड़ी संख्या में पुलिस कर्मियों को देखकर लोगों ने भी उनका कहना मानना शुरू कर दिया। इससे सड़कों पर जाम नहीं लगा और लोगों को परेशानी भी नहीं हुई। हालांकि, कई बाजारों में काफी भीड़ रही मगर भीड़-भाड़ वाली जगहों पर भी वाहनों के पहिये थमे नहीं, धीरे-धीरे आगे बढ़ते रहे।

मंगलवार की सुबह सौ फुटा तिराहे, सुरेश शर्मा नगर चौराहे, डोहरा चौराहे, बीसलपुर चौराहे, सेटेलाइट, ईसाइयों की पुलिया, शहामतगंज, गांधी उद्यान, चौकी चौराहे, सिविल लाइंस, कुतुबखाना चौराहे, मिनी बाईपास समेत विभिन्न बाजारों में ट्रैफिक पुलिस के 69 पुलिसकर्मी यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए लगाए गए थे।

इसका नतीजा यह हुआ कि सुबह से शाम तक शहर के प्रमुख चौराहों के साथ-साथ बाजारों में जाम नहीं लगा। जहां जाम लगता था वहां वाहन धीरे-धीरे चलते नजर आए। सेटेलाइट पर हमेशा जाम मिलता था। मंगलवार को यहां भी जाम नहीं लगा। सुबह से लेकर शाम तक वाहन चलते रहे। ट्रैफिक पुलिस के साथ होमगार्ड और पीआरडी जवान भी सुबह से शाम तक चौराहों पर नजर आते रहे और बारी-बारी से चौराहों के वाहनों को निकालते रहे।

चौराहों पर ड्यूटी न करने वालों पर भी रखी जा रही नजर
शहर की यातायात व्यवस्था बेहतर करने के लिए एसपी ट्रैफिक राममोहन सिंह ने नया बदलाव किया है। इसके तहत दिन में ड्यूटी करने वाले पुलिसकर्मियों को दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं। साथ ही चौराहों पर कौन सिपाही ड्यूटी नहीं कर रहा है उस पर भी नजर रखी जा रही है।

साफ वर्दी में नजर आएंगे होमगार्ड
अब चौराहों पर तैनात होमगार्ड और पीआरडी जवान साफ वर्दी में नजर आएंगे। वह अपनी पूरी वर्दी पहनेंगे और जूतों में पालिस होंगी। इसके लिए एसपी ट्रैफिक ऑफिस में पॉलिस और ब्रुश रखवा दिया गया है। जो लोग सफाई का ध्यान नहीं रखेंगे उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

शहर में चल रहे निर्माण के कारण आधे शहर में खुदाई हो रही है। ऐसे में प्रमुख चौराहों के साथ गलियों में भी जाम लग रहा था। मंगलवार को 69 ट्रैफिक पुलिस कर्मियों को ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने के लिए लगाया गया था। यही कारण रहा कि कहीं जाम की समस्या नहीं हुई। आगे भी इसी तरह से पुलिसकर्मियों को तैनात किया जाएगा।
– राम मोहन सिंह, एसपी ट्रैफिक

संबंधित समाचार