मुरादाबाद: नगर निगम कार्यकारिणी के छह सदस्य मनोनीत, इन्हें मिला मौका

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद। नगर निगम कार्यकारिणी के छह सदस्य निर्विरोध चुने गए। भाजपा ने महिला समेत तीन पार्षदों को मौका दिया। सपा ने अपने पुराने दो सदस्यों को दोबारा अवसर दिया। कांग्रेस की ओर से एक नए पार्षद को मौका दिया गया है। पीलीकोठी स्थित नगर निगम कैंप कार्यालय में चुनाव कार्यक्रम किया गया। पांच फरवरी को …

मुरादाबाद। नगर निगम कार्यकारिणी के छह सदस्य निर्विरोध चुने गए। भाजपा ने महिला समेत तीन पार्षदों को मौका दिया। सपा ने अपने पुराने दो सदस्यों को दोबारा अवसर दिया। कांग्रेस की ओर से एक नए पार्षद को मौका दिया गया है। पीलीकोठी स्थित नगर निगम कैंप कार्यालय में चुनाव कार्यक्रम किया गया।

पांच फरवरी को कार्यकारिणी के छह सदस्यों का कार्यकाल पूरा होना था। इसमें भाजपा से जुड़े कुलदीप नारायण, अशोक सैनी व विनय राजौरिया, सपा से नसीम पाशा व अनवर अली और कांग्रेस से शकील अहमद को कार्यकारिणी के सदस्य रूप में दो-दो साल पूरे हुए थे। उनके स्थान पर नए सदस्यों का चुनाव किया जाना था। भाजपा ने तीन नए पार्षदों को मौका दिया। इस बार उन्होंने महिला पार्षद को भी सदस्य रूप में मौका दिया। पार्षद रुचि चौधरी के अलावा संजय सक्सेना और विद्यासरन शर्मा सदस्य बने। सपा ने पून: अपने पार्षद अनवर अली और नसीम पाशा को आगे किया।

वहीं कांग्रेस ने पार्षद मोहम्मद जुनैद को सदस्य बनने का मौका दिया। सुबह साढ़े दस बजे के बाद से पार्षद, पार्टी के लोग और फिर जन प्रतिनिधियों के आने का सिलसिला शुरू हो गया। देखते ही देखते महापौर के कैंपस में काफी भीड़ हो गई। दोपहर करीब साढ़े 12 बजे महापौर के आने के बाद करीब एक बजे सभागार में जैसे ही महापौर विनोद अग्रवाल ने नए सदस्यों के शामिल होने का ऐलान किया, शोर शराबा शुरू हो गया। माला पहनाने की होड़ शुरू हो गई। इस बीच काफी धक्का मुक्की हुई और इसी बीच सभी छह नए पार्षदों को प्रमाण पत्र देकर उनका स्वागत किया गया। इस दौरान एमएलसी डा. जयपाल सिंह व्यस्त, नगर विधायक रितेश गुप्ता, भाजपा महानगर अध्यक्ष धर्मेंद्र नाथ मिश्रा, कार्यकारिणी उपाध्यक्ष राजेश गुप्ता आदि मौजूद रहे।

कार्यकारिणी की नई टीम
अध्यक्ष विनोद अग्रवाल, उपाध्यक्ष राजेश गुप्ता, मोहम्मद नदीम, प्रेम कुमार, अब्दुल करीम फारूखी, इकबाल, प्रभात कुमार सक्सेना, संजय सक्सेना, विद्यासरन शर्मा, अनवर अली, रुचि चौधरी, मोहम्मद जुनैद, नसीम पाशा,

सांसद विधायक न आने से चेहरे लटके
कार्यकारिणी के नए सदस्यों के चुनाव के दौरान सांसद डा. एसटी हसन और देहात विधायक हाजी इकराम कुरैशी के न पहुंचने से समाजवादी पार्टी से जुड़े पार्षदों के चेहरे लटक गए। काफी देर तक उन्होंने इन नेताओं का इंतजार किया। यहां तक की महापौर के बुलाने पर भी वे प्रमाण पत्र लेने नहीं पहुंचे। पर जब उन्हें सूचना दी गई कि देहता विधायक नहीं आएंगे तब मायूस होकर उन्होंने प्रमाणपत्र प्राप्त किया।

नगर निगम कार्यकारिणी के चुनाव में सांसद और विधायक भी मतदाता होते हैं। जबकि भाजपा से पार्षदों व नए सदस्यों का हौसला बढ़ाने एमएलसी डा. जयपाल सिंह व्यस्त, नगर विधायक रितेश गुप्ता और पार्टी से महानगर अध्यक्ष धर्मेंद्र नाथ मिश्रा पहुंचे थे। ऐसे में सपा पार्षदों को आस थी कि उनके नेता देहात विधायक हाजी इकराम कुरैशी जरूर आएंगे। काफी देर उनका इंतजार किया। इस दौरान जब महापौर विनोद अग्रवाल ने उन्हें बुलाया तो सपा के दोनों सदस्यों ने विधायक के इंतजार की बात कहकर मना कर दिया। पर बाद में जब उनके न आने की सूचना आई तो चेहरा लटकाए इन सदस्यों ने प्रमाण पत्र प्राप्त किए।

कार्यकारिणी की बैठक की तारीख तय नहीं
नई कार्यकारिणी तैयार होने के बाद जल्द ही बैठक किए जाने की बात की जा रही है, पर अभी उसके लिए तारीख तय नहीं की गई है। महापौर विनोद अग्रवाल ने बताया कि इसी महीने कार्यकारिणी की बैठक की जाएगी। इसको लेकर तारीख तय किए जाने पर चर्चा की जाएगी।

संबंधित समाचार