बरेली: नौकरी लगवाने के नाम पर पेटीएम से लेते थे रुपये
अमृत विचार, बरेली। तीन सौ बेड अस्पताल में नौकरी लगवाने का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करके जांच पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस जांच में मामले की परत-दर-परत खुलती जा रही है। इस मामले में पुलिस को बयान के बाद कुछ अहम सुराग लगे हैं जिसमें सामने आया है कि …
अमृत विचार, बरेली। तीन सौ बेड अस्पताल में नौकरी लगवाने का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करके जांच पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस जांच में मामले की परत-दर-परत खुलती जा रही है। इस मामले में पुलिस को बयान के बाद कुछ अहम सुराग लगे हैं जिसमें सामने आया है कि ठग नौकरी लगवाने के नाम पर पैसे का लेनदेन पेटीएम खाते से करता था।
पैसा आने के बाद कुछ ही देर में पैसा निकाल लेता था जबकि उसके बैंक के खाते में पुलिस को एक में जीरो तो दूसरे में 167 रुपये ही मिले। पुलिस ने पेटीएम रिकार्ड भी जांचना शुरू कर दिया है। गौरतलब है कि पिछले दिनों एसएसपी कार्यालय पहुंचे कुछ लोगों ने आरोप लगाया था कि उनके साथ तीन सौ बेड अस्पताल में नौकरी लगवाने के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी की गई थी।
इसके बाद एसएसपी के आदेश पर कोतवाली में इस मामले में रिपोर्ट दर्ज की गई थी। गुरुवार को ठगी के शिकार पीड़ित बारादरी निवासी सूरज मौर्य और जगतपुर निवासी अली बख्स ने कोतवाली में अपने बयान दर्ज कराए हैं। विकास यादव के खाते की जानकारी बैंक से ली तो पता चला कि उसके एक खाते में जीरो बैलेंस जबकि दूसरे खाते में महज 167 रुपये बचे हैं।
हालांकि, उसके खाते में कितनी रकम डाली गई, इसके बारे में बैंक ज्यादा कुछ नहीं बता सका। पुलिस को जब विकास के पेटीएम की जानकारी मिली तो पता लगा कि एक पीड़ित ने विकास के 167 पेज की पेटीएम डिटेल दी। पेटीएम में जनवरी 2020 से जनवरी 2021 तक की डिटेल है।
एक साल में ठगी के शिकार दर्जनों लोगों ने विकास के खाते में 17 लाख 65 हजार रुपये डाले थे। खाते में पैसा आने के बाद ही विकास सब पैसे निकाल लेता था। पुलिस के अनुसार, डेढ़ करोड़ रुपये की ठगी विकास ने अकेले नहीं की थी। जिला अस्पताल के कई कर्मचारियों से उसकी गहरी जान पहचान थी। इसी जोड़-तोड़ से पीड़ितों ने जब जिला अस्पताल में मेडिकल कराया तो बिना जांच प्रक्रिया के ही उनका मेडिकल कर दिया गया।
रिपोर्ट दर्ज करने के बाद कोतवाली पुलिस विवेचना कर रही है। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
-रोहित सिंह सजवाण, एसएसपी
