अयोध्या: एटीएम क्लोन कर बैंक उपभोक्ताओं को बनाता था अपना शिकार, पुलिस ने किया गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अयोध्या। जनपद की नगर कोतवाली पुलिस ने बैंक उपभोक्ताओं के एटीएम कार्ड की क्लोनिंग कर उनके बैंक खाते से रकम उड़ाने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक के पास से लैपटॉप, स्कैमर, एटीएम कैमरा, क्लोन एटीएम कार्ड व कार समेत तमाम कागजात बरामद हुए हैं। पहले से दर्ज एटीएम धोखाधड़ी …

अयोध्या। जनपद की नगर कोतवाली पुलिस ने बैंक उपभोक्ताओं के एटीएम कार्ड की क्लोनिंग कर उनके बैंक खाते से रकम उड़ाने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक के पास से लैपटॉप, स्कैमर, एटीएम कैमरा, क्लोन एटीएम कार्ड व कार समेत तमाम कागजात बरामद हुए हैं। पहले से दर्ज एटीएम धोखाधड़ी के मामलों में आरोपी का चालान किया है।

जनपद में बैंक उपभोक्ताओं के एटीएम कार्ड की क्लोनिंग कर खाते से रकम निकासी की शिकायतें आ रहीं थीं। जालसाजी का शिकार हुए बैंक उपभोक्ताओं की ओर से नगर कोतवाली में ही अज्ञात के खिलाफ अलग-अलग तीन मुकदमे पंजीकृत कराए गए थे। नगर कोतवाली पुलिस दर्ज मुकदमों की विवेचना और छानबीन में जुटी थी।

शनिवार को अपर पुलिस अधीक्षक नगर विजय पाल सिंह ने बताया कि बैंक उपभोक्ताओं के एटीएम कार्ड की क्लोनिंग कर रकम गायब करने के मामलों के खुलासे के लिए पुलिस बल की टीम गठित की गई थी। पुलिस उपमहानिरीक्षक वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार के निर्देश पर वर्तमान में अपराध और अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

इसी अभियान के तहत नगर कोतवाली पुलिस की टीम ने सटीक सूचना पर नगर कोतवाली क्षेत्र के ही पुलिस लाइन के पास स्थित पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम के पास शिकार की तलाश में कार के साथ खड़े एक युवक को गिरफ्तार किया। पकड़े गए युवक ने अपना नाम महेंद्र प्रताप सिंह निवासी उसकामऊ तौधिकपुर थाना हलियापुर जनपद सुल्तानपुर बताया।

तलाशी में युवक के पास एक कार यूपी 32 एलआर 4733 से 130 क्लोन एटीएम कार्ड, एक लैपटॉप, 14 एटीएम कार्ड, पांच आधार कार्ड, तीन पैन कार्ड, दो ड्राइविंग लाइसेंस, दो वोटर आईडी, एक एटीएम क्लोनिंग मशीन व दो मोबाइल बरामद हुए। कड़ाई से पूछताछ में पकड़े गए महेंद्र प्रताप ने बताया कि पिछले कई वर्षों से वह अलग-अलग जनपदों में घूम घूम कर एटीएम से पैसा निकालने वाले बैंक उपभोक्ताओं को अपना शिकार बनाता है।

एटीएम बूथ मशीन में स्कीमर और कैमरा लगाकर पैसा निकालने आए बैंक उपभोक्ताओं के एटीएम कार्ड का डाटा हासिल कर लेता है और एटीएम कार्ड की क्लोनिंग कर दूसरा एटीएम कार्ड बना लेता है। इसी एटीएम कार्ड के माध्यम से संबंधित बैंक उपभोक्ता के खाते से रकम निकाल ली जाती है।

एसपी सिटी ने बताया कि नगर कोतवाली में इस तरह के जालसाजी के शिकार हुए तीन बैंक उपभोक्ताओं की ओर से चोरी और धोखाधड़ी की धारा में मुकदमा पंजीकृत कराया गया था। पहले से दर्ज मुकदमों में पकड़े गए आरोपी का चालान कर नगर कोतवाली पुलिस को पूरे मामले की विस्तृत छानबीन का निर्देश दिया गया है।

संबंधित समाचार