बरेली: औद्योगिक क्षेत्रों के हाल खराब, अधिकारी नहीं दे रहे ध्यान
अमृत विचार, बरेली। मंडलीय उद्योग बंधु की बैठक में शनिवार को उद्यमियों ने कई मामले जोर-शोर से उठाए। बोले, कई बार अधिकारियों के संज्ञान में मामले लाए गए लेकिन दिक्कतों को निस्तारित करने की पहल नहीं हुई। परसाखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र के उद्यमियों ने नाला निर्माण न होने से औद्योगिक क्षेत्र की सड़कों पर जलभराव होने …
अमृत विचार, बरेली। मंडलीय उद्योग बंधु की बैठक में शनिवार को उद्यमियों ने कई मामले जोर-शोर से उठाए। बोले, कई बार अधिकारियों के संज्ञान में मामले लाए गए लेकिन दिक्कतों को निस्तारित करने की पहल नहीं हुई। परसाखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र के उद्यमियों ने नाला निर्माण न होने से औद्योगिक क्षेत्र की सड़कों पर जलभराव होने समेत अन्य मुद्दे उठाए।
रेक साइडिंग निर्माण की मांग की। ग्राम रजऊ परसपुर क्षेत्र की सड़क के चौड़ीकरण का मामला भी उठाया गया। विभिन्न विभागों से संबंधित मसले भी उद्यमियों ने रखे। बदायूं के उद्यमियों ने बिसौली के औद्योगिक आस्थान के उच्चीकरण की मांग की।
मंडलायुक्त रणवीर प्रसाद ने उद्यमियों की मांगों को लेकर संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जल्द उद्यमियों की दिक्कतों का निस्तारण कराएं। उद्यमियों को सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता में शामिल है। मंडलायुक्त की अध्यक्षता में आयुक्त सभागार में मंडलीय उद्योग बंधु समिति की बैठक हुई।
परसाखेड़ा के औद्योगिक क्षेत्र के नाला निर्माण के संबंध में अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण विभाग ने अवगत कराया कि परसाखेड़ा में चौपला मार्ग पर दुर्गा मदिंर से औद्योगिक विकास केन्द्र तक नाला निर्माण कराने के लिए टेंडर स्वीकृति हो गई है। शीघ्र ही निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।
अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि ट्रांसपोर्ट नगर में अग्निशमन केन्द्र की स्थापना के लिए ड्राफ्ट डीड तैयार कराकर शासन, (गृह) विभाग को भेज दी गई है। शीघ्र स्वीकृति मिलने की संभावना है। ग्राम रजऊ परसपुर तहसील फरीदपुर की सड़क चौड़ीकरण के संबंध में चर्चा हुई।
दिनेश गोयल ने बताया कि सभी संबंधित उद्यमी व निजी काश्तकार चौड़ीकरण के लिए अपनी जमीनें शासन के पक्ष में जीरो स्टाम्प ड्यूटी पर देने को तैयार हैं। इस पर आयुक्त ने उद्यमियों को प्रस्ताव बनाकर भेजने के निर्देश दिए। मंडलायुक्त ने रेलवे से संबंधित बिन्दुओं जैसे परसाखेड़ा में रेक साइडिंग निर्माण समेत अन्य कार्यों के लिए रेलवे के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित करने के अधिकारियों को निर्देश दिए।
रिछा राइस मिलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष मो. आरिफ ने रिछा में बस अड्डे के निर्माण की मांग की। मंडलायुक्त ने एसडीएम बहेड़ी को भूमि चयनित करने और बदायूं जनपद में बिसौली औद्योगिक आस्थान के उच्चीकरण के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए।
ऋण योजनाओं में धीमी प्रगति पर जताई नाराजगी
मंडलायुक्त ने जनपद बरेली, बदायूं, शाहजहांपुर में राजकीय ऋ ण योजनाओं में धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई। सभी बैंकों के एलडीएम को मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना एवं ओडीओपी के लक्ष्यपूर्ति के लिए निर्देशित किया।
बैंकों में लंबित हैं ओडीओपी की पत्रावलियां, निस्तारण के निर्देश
मंडलायुक्त ने ओडीओपी की लंबित पत्रावलियों का निस्तारण न करने पर नाराजगी जताई है। अधिकारियों को उद्यमियों की समस्याओं के निस्तारण के लिए त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। कहा कि शासन से अनुमन्य सुविधाएं उद्यमियों को दी जा रही हैं। मंडलायुक्त को बताया कि ओडीओपी के तहत लाभार्थियों की पत्रावली बैंकों के स्तर पर लंबित हैं। अधिकांश एसबीआई की शाखाओं की हैं। मण्डलायुक्त ने उपायुक्त उद्योग को निर्देश दिए कि तत्काल संस्थागत वित्त विभाग को पत्र भेजें।
—
बैठक में ये अधिकारी और उद्यमी रहे मौजूद
बैठक में जिलाधिकारी नितीश कुमार, संयुक्त आयुक्त उद्योग ऋ षि रंजन गोयल, प्रभारी उपायुक्त उद्योग बदायूं डा. अजय कुमार यादव, उपायुक्त उद्योग शाहजहांपुर दुर्गेश कुमार, उपायुक्त उद्योग पीलीभीत चन्द्र प्रकाश, क्षेत्रीय प्रबंधक यूपीसीडा संतोष कुमार, क्षेत्रीय अधिकारी प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड रोहित सिंह, जिला अग्निशमन अधिकारी चन्द्रमोहन शर्मा, डीएफओ भारत लाल, एलडीएम एमएम प्रसाद, मुख्य अभियंता नगर निगम बीके सिंह, उपश्रमायुक्त अनुपमा गौतम, अधीक्षण अभियंता यूपीपीसीएल तारिक जलील के अलावा उद्यमियों में पवन अरोड़ा, दिनेश गोयल, अजय शुक्ला, राजेश गुप्ता, एसके सिंह, उन्मुक्त संभव शील, विनय खण्डेलवाल, ज्ञान प्रकाश, वीरेन्द्र धींगड़ा, बदायूं, पीलीभीत व शाहजहांपुर के उद्यमी भी उपस्थित रहे।
