बरेली: सफल ही नहीं संघर्षशील एल्युमिनाई भी जोड़े जाएंगे

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय की एल्युमिनाई एसोसिएशन से सिर्फ जीवन में सफल छात्रों को नहीं जोड़ा जाएगा बल्कि संघर्षशील छात्र भी जोड़े जाएंगे। इससे वे भी गर्व महसूस कर सकेंगे। विश्वविद्यालय की एल्युमिनाई एसोसिएशन की सभी संबद्ध महाविद्यालयों में इकाईयां बनाई जाएंगी। एल्युमिनाई यानी पूर्व छात्रों को विश्वविद्यालय से जोड़ने के लिए वेबसाइट पर …

अमृत विचार, बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय की एल्युमिनाई एसोसिएशन से सिर्फ जीवन में सफल छात्रों को नहीं जोड़ा जाएगा बल्कि संघर्षशील छात्र भी जोड़े जाएंगे। इससे वे भी गर्व महसूस कर सकेंगे। विश्वविद्यालय की एल्युमिनाई एसोसिएशन की सभी संबद्ध महाविद्यालयों में इकाईयां बनाई जाएंगी।

एल्युमिनाई यानी पूर्व छात्रों को विश्वविद्यालय से जोड़ने के लिए वेबसाइट पर पंजीकरण के लिए लिंक उपलब्ध कराया जाएगा। इसका निर्णय शनिवार को विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन में कुलपति प्रो. केपी सिंह की अध्यक्षता में एल्युमिनाई एसोसिएशन की कार्यकारिणी की पहली बैठक में लिया गया। इस बार के स्थापना दिवस समारोह में एल्युमिनाई को भी शामिल किया जाएगा।

नई शिक्षा नीति के तहत पढ़ाई के स्तर को सुधारने और छात्रों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए शासन के निर्देश पर विश्वविद्यालय में कई प्रकोष्ठ बनाए गए हैं। विश्वविद्यालय में प्रकोष्ठ बनाकर कार्यकारिणी का भी गठन कर दिया गया था लेकिन अभी तक कार्रवाई नहीं शुरू हुई थी।

भवनों के लिए भी बजट की तैयारी नहीं की गई थी। महाविद्यालयों में भी किसी भी तरह के प्रकोष्ठ नहीं बनाए गए थे। ‘अमृत विचार’ ने इन समस्याओं को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। अब विश्वविद्यालय ने इस पर काम करना शुरू कर दिया है। शनिवार को हुई बैठक में विश्वविद्यालय परिसर से प्रोफेसर संजय गर्ग, प्रोफेसर संजय मिश्रा, डॉ. आलोक श्रीवास्तव, डॉ. अनिल सिंह और जीएफ कॉलेज से डॉ. मोहसिन खान व रजा कॉलेज से यतींद्र सिंह उपस्थित रहे।

वेबसाइट पर रजिस्ट्रेशन का दिया जाएगा लिंक
बैठक में निर्णय लिए गए कि एसोसिएशन का इसी माह रजिस्ट्रेशन कराया जाएगा। एल्युमिनाई को सदस्यता के लिए विश्वविद्यालय की वेबसाइट का लिंक बनाकर पंजीकरण की कार्रवाई शुरू की जाएगी। एसोसिएशन का अकाउंट किसी राष्ट्रीयकृत बैंक में खोला जाएगा। विश्वविद्यालय कैंपस के साथ ही सभी संबंधित कॉलेजों को इस एसोसिएशन की इकाई के रूप में मान्यता दी जाए जिससे पूरे विश्वविद्यालय को क्षेत्र में एसोसिएशन से संबद्ध किया जा सके।

एसोसिएशन की गतिविधियों को समाज और उद्योग के साथ जोड़ा जाएगा। इस अवसर पर सुझाव दिया गया कि एल्युमिनी एसोसिएशन की गतिविधियां केवल साल में एक बार नहीं बल्कि नियमित रूप से चलती रहें। कुलपति ने एल्युमिनाई के सदस्यों द्वारा ‘रुआ उवाच’ कार्यक्रम शुरू करने का सलाह दी जिसमें विभिन्न पूर्ववर्ती छात्रों द्वारा अपने अनुभवों को साझा करने का मंच मिले और दूसरे छात्र उनसे सीख ले सकें।

संबंधित समाचार