प्रेमियों के लिए आ गया खास सप्ताह, जानें किस दिन रोज, प्रपोज और किस डे

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, बरेली। रविवार यानि 7 फरवरी से वेलेंटाइन वीक शुरू हो रहा है। पूरे वर्ष में प्रेमी जोड़ों के लिए यह सप्ताह सबसे खास होता है। हर दिन एक नया गिफ्ट और प्यार का इजहार करने के लिए जोड़े इसी सप्ताह का इंतजार करते हैं मगर इस बार वह उत्साह दिखाई नहीं दे रहा …

अमृत विचार, बरेली। रविवार यानि 7 फरवरी से वेलेंटाइन वीक शुरू हो रहा है। पूरे वर्ष में प्रेमी जोड़ों के लिए यह सप्ताह सबसे खास होता है। हर दिन एक नया गिफ्ट और प्यार का इजहार करने के लिए जोड़े इसी सप्ताह का इंतजार करते हैं मगर इस बार वह उत्साह दिखाई नहीं दे रहा है।

कोरोना संक्रमण ने जहां अधिकांश चीजों में परिवर्तन किया वहीं, वेलेंटाइन के प्रति भी लोगों का उत्साह कम कर दिया। ऐसे में इस सप्ताह का पहला दिन कैसा होगा देखने के बाद पता लगेगा। फरवरी का महीना शुरू होते ही प्रेमी जोड़ों के खुशी के दिन शुरू हो जाते हैं। वेलेंटाइन डे वीक प्यार करने वालों के लिए किसी जश्न से कम नहीं होता।

पिछले वर्ष तक सोशल मीडिया से लेकर मोबाइल के इनबॉक्स तक सिर्फ वेलेंटाइन की ही चर्चा होती नजर आती थी मगर इस बार कोरोना संक्रमण की वजह से न तो फूलों की दुकान पर भीड़-भाड़ देखने को मिल रही है और न ही लोग टैडी खरीदते नजर आ रहे हैं। इसकी वजह से दुकानदारों को भी इस बार अपने कारोबार में घाटा नजर आ रहा है। शादीशुदा जोड़ों में भी इन दिनों को काफी उत्साह के साथ मनाते हैं। खासकर नए शादीशुदा जोड़ों में वेलेंटाइन को लेकर बेहद उत्साह देखने को मिलता है।

…तो यह है पूरा सप्ताह

7 फरवरी रोज डे
8 फरवरी प्रपोज डे
9 फरवरी चॉकलेट डे
10 फरवरी टैडी डे
11 फरवरी प्रॉमिस डे
12 फरवरी हग डे
13 फरवरी किस डे
14 फरवरी वेलेंटाइन डे

इटली की परम्परा को भारत में निभा रहे लोग
बरेली। वेलेंटाइन डे वैसे तो इटली की परम्परा है। इटली में इसे संत वेलेंटाइन की याद में 14 फरवरी को मनाया जाता है मगर इस परम्परा को भारत में भी मनाया जाने लगा। बताया जाता है कि सदियों पहले रोम में राजा क्‍लॉडियस का साम्राज्य हुआ करता था। उस वक्त संत वेलेंटाइन प्यार करने वाले लोगों की शादियां कराया करते थे। इससे नाखुश होकर क्लॉडियस ने शादियों पर रोक लगा दी। उसका मानना था कि शादी होने के बाद लोग सेना में भर्ती होना नहीं चाहते जिससे सेना कमजोर होती है। जब वेलेंटाइन नहीं माने तो क्लॉडियस ने 14 फरवरी सन् 269 को संत वैलेंटाइन को गिरफ्तार करवा कर सूली पर चढ़वा दिया। उसकी जेब से एक पत्र प्राप्त हुआ जो राजा की बेटी के नाम लिखा था। पत्र के अंत में लिखा था ‘योअर वेलेंटाइन’।

संबंधित समाचार