देवरिया: जनसमस्याओं की सुनवाई कर बोले जिलाधिकारी- मौके पर ही निराकरण हो

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

देवरिया। विद्युत समस्याओं के त्वरित निस्तारण हेतु जिलाधिकारी अमित किशोर द्वारा विद्युत शिकायत निवारण महाकैंप के आयोजन के दौरान गौरी बाजार उपखंड कार्यालय पर जनसमस्याओं की सुनवाई की गई। समस्याओं की सुनवाई कर उन्होंने उनके निस्तारण के निर्देश संबंधितों को दिए। इस दौरान इस उपखंड पर कुल 9 मामले विद्युत से जुड़ी समस्याएं लोगों द्वारा …

देवरिया। विद्युत समस्याओं के त्वरित निस्तारण हेतु जिलाधिकारी अमित किशोर द्वारा विद्युत शिकायत निवारण महाकैंप के आयोजन के दौरान गौरी बाजार उपखंड कार्यालय पर जनसमस्याओं की सुनवाई की गई। समस्याओं की सुनवाई कर उन्होंने उनके निस्तारण के निर्देश संबंधितों को दिए। इस दौरान इस उपखंड पर कुल 9 मामले विद्युत से जुड़ी समस्याएं लोगों द्वारा प्रस्तुत किए गए, जिसमें से 7 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष दो मामलों को दो दिन में निस्तारित करने का निर्देश अधीक्षण अभियंता विद्युत जीसी यादव को दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि शीघ्र ही इन समस्याओं का भी निस्तारण कर दिया जाएगा।

जिलाधिकारी ने बताया कि विद्युत समस्याओं के त्वरित निस्तारण हेतु की गई इस पहल को और प्रभावी किए जाने के लिए टीम में चार और नोडल अधिकारी तथा जिला पूर्ति अधिकारी, उपायुक्त स्वरोजगार, कॉपरेटिव बैंक के महाप्रबंधक एवं जिला सूचना विज्ञान अधिकारी को भी इसमें सम्मिलित किया जाएगा। जिलाधिकारी ने कहा कि विद्युत विभाग की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए प्रत्येक माह के प्रथम व तृतीय शनिवार और रविवार को विद्युत उपभोक्ता शिकायत निवारण महाकैम्प का आयोजन किया जाएगा।

इसी क्रम में आज जनपद के कुल 17 उपखंड कार्यालयों पर इसका आयोजन हुआ। सभी उपखंड कार्यालयों पर नोडल अधिकारी उपस्थित रहकर समस्याओं की सुनवाई करेंगे। उन्होंने कहा कि विद्युत से जुड़ी जन समस्याओं का निराकरण मौके पर ही हो जाए इसके लिए विशेष रूप से अधिकारी कार्य करेंगे।

जिलाधिकारी के समक्ष इस दौरान यह बात रखी गई कि पथरहट बिजली घर तक रास्ता नहीं होने के कारण जन सामान्य को आने-जाने में दिक्कत होती है। मामला संज्ञान में आने पर उन्होंने परियोजना निदेशक डीआरडीए से फोन पर बात कर निर्देश दिया कि बिजली घर तक रास्ता सुलभ हो इसके लिए आवश्यक कार्रवाई करें।

जिलाधिकारी की इस सुनवाई के दौरान अधीक्षण अभियंता विद्युत जीसी यादव, अवर अभियंता एनके सिंह, जीएमटी शैलेश पांडेय, कोमल यादव सहित अन्य विद्युत विभाग के कर्मचारी व थानाध्यक्ष गिरजेश तिवारी आदि उपस्थित रहे।

संबंधित समाचार