बरेली: शराब फैक्ट्री का बदबूदार पानी आईटीआर फैक्ट्री में घुसा, विरोध

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, बरेली। सीबीगंज क्षेत्र की एक शराब फैक्ट्री का केमिकल युक्त पानी सिरदर्द बन गया है। गंदा व बदबूदार केमिकल युक्त पानी बंद पड़ी इंडियन टर्पेनटाइन रोजिन फैक्ट्री (आईटीआर) की मशीनों को नुकसान पहुंचा रहा है। सबसे बड़ी बात यह है कि यह पानी जहां से बह रहा है वहां की भूमि काली पड़ …

अमृत विचार, बरेली। सीबीगंज क्षेत्र की एक शराब फैक्ट्री का केमिकल युक्त पानी सिरदर्द बन गया है। गंदा व बदबूदार केमिकल युक्त पानी बंद पड़ी इंडियन टर्पेनटाइन रोजिन फैक्ट्री (आईटीआर) की मशीनों को नुकसान पहुंचा रहा है। सबसे बड़ी बात यह है कि यह पानी जहां से बह रहा है वहां की भूमि काली पड़ जा रही है।

इससे कहा जा रहा है कि यह पानी ज्यादा खतरनाक है। यही वजह है कि लोग भी परेशान हो गए हैं। चौकीदार की लिखित शिकायत के बाद नगर मजिस्ट्रेट मदन कुमार ने शराब फैक्ट्री के प्रबंधक को पत्र लिखकर गंदे पानी की निकासी बंद करने के निर्देश दिए हैं। चेतावनी दी है कि पानी से मशीनों को नुकसान पहुंचा तो कार्रवाई की जाएगी।

आईटीआर फैक्ट्री 16 साल से बंद पड़ी है। इसके पास शराब फैक्ट्री संचालित हो रही है। आरोप है कि फैक्ट्री प्रबंधन ने गंदे व केमिकल युक्त पानी की निकासी बाहर रोकने के लिए कोई इंतजाम नहीं किए हैं। इस वजह से शराब बनाने के दौरान निकलने वाला दूषित पानी फैक्ट्री से बाहर निकल रहा है।

यह पानी झाड़ियों के बीच से बहते हुए आईटीआर फैक्ट्री की मशीनों के गोदाम तक पहुंच रहा है। दो दिन पहले फैक्ट्री के चौकीदार दीनदयाल सिंह ने नगर मजिस्ट्रेट को पत्र लिखकर शिकायत की है कि आईटीआर फैक्ट्री के पास चल रही शराब फैक्ट्री का पानी फैक्ट्री के अंदर आ रहा है। इससे सामान को नुकसान पहुंच रहा है। सामान खराब होने की ज्यादा संभावना बनी हुई है। नगर मजिस्ट्रेट से पानी की निकासी बंद कराने के निर्देश जारी करने की मांग की। मामले का संज्ञान लेते हुए नगर मजिस्ट्रेट मदन कुमार ने शराब फैक्ट्री के प्रबंधक को पत्र लिखा है।

डरते हैं लोग, खुलकर नहीं उठा रहे आवाज
शराब फैक्ट्री के पानी की बदबू से आईटीआर फैक्ट्री में बने आवास में रहने वाले लोग परेशान हैं। इसके अलावा फैक्ट्री की चिमनी से निकलने वाले धुएं से आसपास के घरों के लोग बेहाल हैं लेकिन खुलकर शिकायत करने वाला कोई नहीं है। काम धंधा करने वाले लोग किसी विवाद में नहीं पड़ना चाहते। इसलिए अंदरखाने विरोध कर रहे हैं। सोमवार को दैनिक ‘अमृत विचार’ की टीम ने मौके पर जाकर कई लोगों के मन को टटोला लेकिन केमिकल युक्त पानी की निकासी बंद कराने के संबंध में किसी ने कुछ नहीं कहा। सभी यही कहते रहे कि आईटीआर फैक्ट्री में गंदा पानी पहुंच रहा है।

बेहद खतरनाक होता है शराब फैक्ट्री का केमिकल युक्त पानी
जिला पुरुष अस्पताल के वरिष्ठ फिजीशियन डा. अजय मोहन अग्रवाल कहते हैं कि शराब फैक्ट्री में कई प्रकार के केमिकल प्रयोग में लाए जाते हैं। शराब बनाने के बाद अपशिष्ट पानी खुले में छोड़ना बेहद खतरनाक होता है। यदि यह पानी बाहर आ रहा है तो लोगों के स्वास्थ्य पर भी प्रभाव डालेगा। रिवर्स बोरिंग में यदि पानी छोड़ा जाता है तो शुद्ध पानी को दूषित करता है। कई बीमारियों के साथ कैंसर रोग को भी बढ़ावा देता है। खेत में पहुंच रहा है तो धीरे-धीरे भूमि बंजर हो जाएगी।

संबंधित समाचार