बरेली: चौपुला का ब्लॉक खुलने पर भी उखड़े रास्ते से गुजरना होगा
अमृत विचार, बरेली। चौपुला चौराहे पर फ्लाईओवर और सीवर लाइन निर्माण की वजह से लिए गए 75 दिन के ब्लॉक को 72 दिन हो चुके हैं। सिर्फ तीन दिन का समय बचा है। तीन दिन में निर्माण कार्य पूरा होता नहीं दिख रहा है। इसके बावजूद यदि ब्लॉक को खोलकर चौराहे के नीचे से वाहनों …
अमृत विचार, बरेली। चौपुला चौराहे पर फ्लाईओवर और सीवर लाइन निर्माण की वजह से लिए गए 75 दिन के ब्लॉक को 72 दिन हो चुके हैं। सिर्फ तीन दिन का समय बचा है। तीन दिन में निर्माण कार्य पूरा होता नहीं दिख रहा है। इसके बावजूद यदि ब्लॉक को खोलकर चौराहे के नीचे से वाहनों को गुजारना शुरू किया जाए तो भी वाहन चालकों को ऊबड़-खाबड़ व खतरनाक रास्ते से ही होकर गुजरना पड़ेगा।
चौपुला चौराहे पर निर्माण कार्य की वजह से अधिकारियों के निर्देश पर 75 दिन का ब्लॉक लिया गया। ट्रैफिक पुलिस ने 30 नवंबर से चौपुला चौराहे पर रूट डायवर्जन लागू किया था। इसके लिए चौकी चौराहे से आने वाले वाहनों को स्टेशन रोड, माल गोदाम रोड होते हुए रेलवे कॉलोनी से सिटी सब्जी मंडी तक गुजारा जा रहा है। किला की ओर से आने वाले वाहनों को चौपुला पुल तक ही आने दिया जा रहा था।
पटेल चौक और बिहारीपुर के रास्ते को भी बंद किया था। रूट डायवर्जन की वजह से लोग गलियों से निकलकर जाम में फंस रहे थे। इसके अलावा कई लोग इधर-उधर से जान खतरे में डालकर निकल रहे थे। चौपुला चौराहे पर अभी भी काफी काम बाकी है। फ्लाईओवर का लिंटर पड़ने के बाद रास्ते को नीचे से खोला भी जा सकता है लेकिन अभी सभी सड़कें टूटी पड़ी हैं। इन्हें बनाने में काफी समय लगेगा।
