अयोध्या: तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर, दो की मौत, एक गंभीर
अयोध्या, अमृत विचार। जनपद के कुमारगंज थाना क्षेत्र के बरईपारा गांव के पास तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार तीन लोगों को टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मिल्कीपुर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने युवती और अधेड़ को मृत घोषित कर दिया। …
अयोध्या, अमृत विचार। जनपद के कुमारगंज थाना क्षेत्र के बरईपारा गांव के पास तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार तीन लोगों को टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मिल्कीपुर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने युवती और अधेड़ को मृत घोषित कर दिया। वहीं 20 वर्षीय युवक की नाजुक हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। उधर टक्कर मार कर भाग रहे ट्रक को पुलिस ने व्यापारियों एवं ग्रामीणों के सहयोग से पकड़ लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुमारगंज थाना क्षेत्र के बवां पूरे नेमा गांव निवासी 45 वर्षीय सूर्यनाथ यादव इनायत नगर बाजार से अपने साले रामकुमार यादव और साली निशा को मोटरसाइकिल से लेकर अपने घर आ रहा था। फैजाबाद रायबरेली रोड पर बरईपारा गांव के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
मौके पर पहुंची कुमारगंज पुलिस ने आनन-फानन में गंभीर रूप से घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मिल्कीपुर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने 45 वर्षीय सूर्यनाथ और 22 वर्षीय युवती निशा को मृत घोषित करते हुए गंभीर रूप से घायल 20 वर्षीय रामकुमार को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं, ग्रामीणों ने ट्रक चालक व क्लीनर को पकड़कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। कुमारगंज थाना के प्रभारी निरीक्षक नीरज सिंह ने बताया कि तहरीर मिलते ही प्राथमिकी दर्ज कर ली जाएगी।
