हल्द्वानी: जैमर तोड़ा और बोला जज साहब की गाड़ी है, कोर्ट में निबट लूंगा
हल्द्वानी,अमृत विचार। नैनीताल हाइवे पर महिला अस्पताल के सामने एक कार चालक ने वाहन खड़ा कर दिया। इससे सड़क पर जाम लग गया। पुलिस ने नो पार्किंग में वाहन खड़ा करने पर कार्रवाई की तो दबंग कार चालक ने पुलिस का जैमर तोड़ दिया। इसके साथ ही पुलिस से उलझते हुए कोर्ट में देख लेने …
हल्द्वानी,अमृत विचार। नैनीताल हाइवे पर महिला अस्पताल के सामने एक कार चालक ने वाहन खड़ा कर दिया। इससे सड़क पर जाम लग गया। पुलिस ने नो पार्किंग में वाहन खड़ा करने पर कार्रवाई की तो दबंग कार चालक ने पुलिस का जैमर तोड़ दिया।
इसके साथ ही पुलिस से उलझते हुए कोर्ट में देख लेने की धमकी देने लगा। पुलिस ने सख्त रुख दिखाते हुए आरोपी चालक की कार सीज कर दी। रविवार शाम एक कार चालक दिल्ली नंबर की कार अस्पताल के बाहर सड़क पर खड़ी कर परिवार समेत शॉपिंग के लिए चला गया।
संकरी सड़क पर कार खड़े होने से जाम लग गया। सूचना पर वाहन चेकिंग कर रहे हीरानगर चौकी प्रभारी राजवीर नेगी मौके पर पहुंचे और कार में जैमर लगा दिया। कार चालक वापस लौटा तो वाहन में जैमर लगा देख उसका पारा चढ़ गया और वहां खडे़ पुलिस कर्मियों की मौजूदगी में जैमर तोड़ डाला।
दारोगा ने नो पार्किंग में वाहन खड़ा करने पर नकद चालान काटने की कोशिश की तो वह कोर्ट चालान करने पर अड़ गया। बोला ये जज की गाड़ी है, तुम्हें कोर्ट में देख लूंगा। दारोगा ने कार चालक से वाहन संबंधी कागजात मांगे तो वह और उलझ गया। मौके पर न तो वह डीएल दिखा पाया और न ही वाहन की आरसी व बीमा। इधर पुलिस ने कार सीज करने के लिए चाबी मांगी तो वह भी नहीं दी जिसके बाद पुलिस ने कड़ा रुख अपनाते हुए क्रेन बुलाई और वाहन को मौके से उठा कर चौकी में खड़ा करवा दिया। कार चालक की इस करतूत के चलते मौके पर खासा तमाशा हुआ वहीं चालक के परिवारिकजनों को भी उसकी इस लापरवाही का खमियाजा भुगतना पड़ा।
