मुरादाबाद : अद्भुत, ऐतिहासिक और यादगार बन गए ये पल
मुरादाबाद, अमृत विचार। मौका था और माहौल। अद्भुत ऐतिहासिक और यादगार शादी ने इतिहास रच डाला। खुशबू से सराबोर वातावरण। मंडप में पंडित का मंत्रोचार। मौलवी द्वारा निकाहनामा लिखवाना। पादरी जोड़ों को आशीर्वाद दे रहे थे तो बौद्ध भिक्षु धार्मिक रिवाज से लड़के-लड़कियों को शादी के बंधन में बंधवा रहे थे। सात फेरे, मौलवी के …
मुरादाबाद, अमृत विचार। मौका था और माहौल। अद्भुत ऐतिहासिक और यादगार शादी ने इतिहास रच डाला। खुशबू से सराबोर वातावरण। मंडप में पंडित का मंत्रोचार। मौलवी द्वारा निकाहनामा लिखवाना। पादरी जोड़ों को आशीर्वाद दे रहे थे तो बौद्ध भिक्षु धार्मिक रिवाज से लड़के-लड़कियों को शादी के बंधन में बंधवा रहे थे। सात फेरे, मौलवी के सामने दूल्हा-दुल्हन का कबूल-कबूल-कबूल। सचमुच सामूहिक शादी में इतिहास रचा गया।
भव्य आयोजन में 2754 जोड़ों ने एक-दूसरे का होना स्वीकार किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रभारी मंत्री डा. महेंद्र सिंह, मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी, बलदेव सिंह औलख राज्यमंत्री गोपाल अंजान सहित मंडल भर के जनप्रतिनिधि मंच पर खुशी से फूले नहीं समा रहे थे। सभी वैवाहिक उत्सव में शामिल होकर खुश थे। बेटियों को इस बात का आह्लाद था की हमारी शादी में सरकार यहां बैठी है।
बिना नाम लिए विपक्षियों को घेर गए मुख्यमंत्री
योगी आदित्यनाथ ने किसान आंदोलन के बहाने विपक्षियों को कटघरे करने का प्रयास किया। दुनिया में सबसे पहले कोरोना को समाप्त करने के लिए वैक्सीन बनाने के लिए प्रधानमंत्री और वैज्ञानिकों को बधाई दी। प्रधानमंत्री जनधन योजना के सहारे अपनी बात शुरू की। किसानों के आंदोलन की चर्चा किए बगैर विपक्षियों को निशाने पर ले लिया। बोले, हमने यूपी में 54 लाख श्रमिकों को भाता दिया। कोरोना नियंत्रण में रिकॉर्ड बनाया। अब राज्य में सभी को रोजगार देने जा रहे हैं। उधर, मुख्यमंत्री ने किसानों के सवाल पर देश में बने माहौल को साधने की कोशिश की। कहे कुछ लोग किसानों में भ्रम फैला रहे हैं, उन्हें इस बात से नाराजगी है कि अब ऐसे लोगों की दलाली बंद हो गई है।
कहा कि अब सीधे किसानों और जरूरतमंदों के खाते में सरकार का पैसा पहुंच रहा है। इसलिए ऐसे लोग संविधान की भी अनदेखी कर रहे हैं। ऐसे में हम में लोगों में भ्रम पैदा करने वालों से सावधान रहने की जरूरत है।
खुशी इतनी कि मन में ना समाए
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह की पात्र बिलारी के फजलपुर निवासी मनोज कुमार और सैजनी की रहने वाली पूनम ने सरकार की सराहना की। दुल्हन पूनम ने कहा कि सरकार द्वारा इस तरह की मदद करना ऐतिहासिक है। छजलैट के चौरा रसूलपुर निवासी गुलिस्ता का गांव के ही नाजिम के साथ निकाह हुआ। दोनों ने कहा कि यह नेक काम है। पीपलसाना शाही मस्जिद के रहने वाले मुजीब-उर-रहमान पड़ोस की सीमारानी से निकाह हुआ। सीमा रानी ने कहा कि सरकार का यह बेहतर प्रयास है।
आशुतोष मिश्र
