बरेली में 696 अभ्यर्थी लेंगे सिविल सर्विस की मुफ्त कोचिंग

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। अभ्युदय योजना के तहत जिले में तीन स्थानों पर मंगलवार से भौतिक कक्षाएं संचालित होंगी। बरेली मंडल से 30 हजार अभ्यर्थियों (छात्र-छात्राओं) ने पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन किया था। इसमें से सिर्फ 1027 अभ्यर्थियों ने ही ऑनलाइन परीक्षा पास की। इसमें सबसे अधिक 696 अभ्यर्थी सिविल सर्विसेस की तैयारी के लिए कोचिंग …

बरेली, अमृत विचार। अभ्युदय योजना के तहत जिले में तीन स्थानों पर मंगलवार से भौतिक कक्षाएं संचालित होंगी। बरेली मंडल से 30 हजार अभ्यर्थियों (छात्र-छात्राओं) ने पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन किया था। इसमें से सिर्फ 1027 अभ्यर्थियों ने ही ऑनलाइन परीक्षा पास की। इसमें सबसे अधिक 696 अभ्यर्थी सिविल सर्विसेस की तैयारी के लिए कोचिंग लेंगे यानि 67 फीसदी से अधिक अभ्यर्थी आईएएस-आईपीएस बनना चाहते हैं। ऑनलाइन परीक्षा में पास होने वाले अभ्यर्थियों को फोन से जानकारी दी गई है कि उनकी कक्षाएं कहां संचालित होंगी।

अभ्युदय योजना के पोर्टल पर सोमवार शाम तक 50 लाख से अधिक लोग विजिट कर चुके थे। बरेली में विश्वविद्यालय, बरेली कॉलेज और जीआईसी में तीन जगह कक्षाएं संचालित करने की तैयारी की गई है। इनमें 1500 अभ्यर्थियों को भौतिक कक्षाओं में बैठाया जाएगा। बरेली में 154 अभ्यर्थी नीट और जेईई व 34 अभ्यर्थी सीडीएस या एनडीए की कक्षाओं में शामिल होंगे।

संयुक्त निदेशक शिक्षा डा. प्रदीप कुमार ने बताया कि सभी अभ्यर्थियों की सूची संबंधित केंद्रों पर भेज दी गई है। जानकारी में आया है कि कई अभ्यर्थियों ने अलग-अलग परीक्षाएं भी पास कर ली हैं। इसकी वजह से उनका नाम दोनों सूचियों में है। ऐसे में अभ्यर्थी को चुनना है कि उसे किसकी मुफ्त कोचिंग लेनी है। इस तरह के अभ्यर्थियों की सूची देखी जाएगी। उसके बाद एक कक्षा में उसका चयन कर दूसरी कक्षा से नाम हटा दिया जाएगा।

मुफ्त कोचिंग में चयन, कुछ और भी चाहिए मुफ्त
अभ्यर्थियों का मुफ्त कोचिंग के लिए चयन तो हो गया है लेकिन कई अभ्यर्थी ऐसे हैं जो और भी कुछ मुफ्त मांग रहे हैं। यह समस्या उस समय योजना से जुड़े अधिकारियों व कर्मचारियों के सामने आई जब उन्होंने अभ्यर्थियों को उनकी कक्षा के बारे में जानकारी देने के लिए फोन किया। किसी अभ्यर्थी ने पूछा कि क्या कोचिंग के दौरान कागज व पेन भी मुफ्त मिलेगा। क्या आने-जाने का किराया भी दिया जाएगा। कई अभ्यर्थियों ने परीक्षा पास तो कर ली लेकिन उन्होंने इसे लेकर गंभीरता नहीं दिखायी। उन्होंने अपने मोबाइल नंबर के आगे 12345 या गलत नंबर भर दिया है।

बीएससी फाइनल कर रही हूं। यूपीएससी की भौतिक कक्षाओं में सेलेक्शन हुआ है। शाहजहांपुर में रहती हूं। ऑफलाइन आने में दिक्कत होगी। ऑनलाइन पढ़ाई जरूर करूंगी। -नीलम वर्मा

अच्छी योजना है। टेट की तैयारी कर रहा हूं। साथ में पीसीएस की भी सेल्फ तैयारी कर रहा था। भौतिक कक्षा के लिए सेलेक्शन होने पर अच्छे से तैयारी कर सकूंगा। -रजत मिश्रा

12वीं की पढ़ाई कर रही हूं। नीट की प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के लिए मुफ्त कोचिंग के लिए चयन हुआ है। कोचिंग के जरिए परीक्षा पास करने का प्रयास करूंगी। -अनुष्का

स्नातक कर चुका हूं। यूपीएससी की तैयारी के लिए ऑनलाइन परीक्षा दी थी। भौतिक कक्षाओं के लिए चयन हुआ है। अच्छी योजना है। इसका सभी को लाभ लेना चाहिए। -अभिषेक दीक्षित

संबंधित समाचार