मुरादाबाद: पुलिस के लिए पहेली बनी भटकती लावारिस दुल्हन, सामूहिक वैवाहिक कार्यकम में हुई थी शादी
मुरादाबाद,अमृत विचार। मझोला थाना क्षेत्र में मंगलवार को दुल्हन की वेशभूषा में भटक रही महिला लोगों के कौतूहल का कारण बन गई। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी, जिस पर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। उससे पूछताछ की तो जो उसने बताया, उसे सुन पुलिस भी सकते में आ गई। फिलहाल …
मुरादाबाद,अमृत विचार। मझोला थाना क्षेत्र में मंगलवार को दुल्हन की वेशभूषा में भटक रही महिला लोगों के कौतूहल का कारण बन गई। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी, जिस पर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। उससे पूछताछ की तो जो उसने बताया, उसे सुन पुलिस भी सकते में आ गई। फिलहाल पहेली बनी इस महिला के विषय में जानकारी जुटाने का प्रयास पुलिस कर रही है।
मामला सूर्यनगर कालोनी का है। लोग रोज की तरह अपने कामों में व्यस्त थे। इसी बीच किसी की नजर सामने सड़क पर टिकी तो हट न सकी। बात ही कुछ ऐसी थी। सामने लगभग 24 वर्षीय युवती दुल्हन की वेशभूषा में घबराई सी हालत में भटक रही थी। उसके हावभाव से वहां मौजूद हर शख्स की नजरें उस पर टिक जा रही थीं। हाथ में प्लास्टिक का थैला थामे वह इधर-उधर घूम रही थी। उसकी यह स्थिति देख किसी ने पुलिस को सूचना दे दी।
विवाह के जोड़े में लावारिस भटकती युवती की सूचना पर पुलिस के भी होश उड़ गए। आननफानन में पुलिस मौके पर जा पहुंची। उससे पूछताछ की गई तो पहले तो कुछ देर वह सहमी-सहमी सी रही। बाद में उसने बताया कि उसका विवाह सोमवार को हुए सामूहिक वैवाहिक समारोह के दौरान हुआ था। लेकिन, विवाह संपन्न होने के बाद पति उसे छोड़कर कहीं चंपत हो गया। यह सुनकर पुलिस उसे थाना ले गई।
वहां पर उसने अपना नाम वंदना पुत्री बिट्टन निवासी भदरोई बाजार बताया, साथ ही भाइयों के नाम अरविंद और मनोज बताए। इसके अलावा किसी प्रश्न का उत्तर वह नहीं दे सकी। पुलिस ने जिला अस्पताल में उसका चिकित्सीय परीक्षण कराया। उसके बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया। क्षेत्राधिकारी/एएसपी अनिल कुमार यादव ने बताया कि युवती सूर्यनगर कालोनी में भटकती हुई मिली थी। पूछताछ करने पर पता चला कि वह मंदबुद्धि है। अपना नाम वंदना के अलावा वह कुछ नहीं बता पा रही है। उसके विषय में जानकारी जुटाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
