ममता ने जाकिर से की मुलाकात, बम हमले की जांच करेगी सीआईडी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कोलकाता। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री एवं तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने मुर्शिदाबाद बम हमले में घायल मंत्री जाकिर हुसैन से मुलाकात करने गुरुवार को एसएसकेएम अस्पताल पहुंची। जबकि राज्य सरकार ने इस मामले की पड़ताल अपराध जांच विभाग (सीआईडी) को सौंप दी है। हुसैन पर बुधवार की रात मुर्शिदाबाद जिले में निमतिता रेलवे स्टेशन …

कोलकाता। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री एवं तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने मुर्शिदाबाद बम हमले में घायल मंत्री जाकिर हुसैन से मुलाकात करने गुरुवार को एसएसकेएम अस्पताल पहुंची। जबकि राज्य सरकार ने इस मामले की पड़ताल अपराध जांच विभाग (सीआईडी) को सौंप दी है।

हुसैन पर बुधवार की रात मुर्शिदाबाद जिले में निमतिता रेलवे स्टेशन पर बम से हमला किया गया। जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हाल के दिनों में यह पहली बार हुआ है, जब राज्य के किसी मंत्री को लक्ष्य कर हमला किया गया। इस बम हमले में कम से कम 26 लोग घायल हुए हैं। इनमें से 12 लोगों की हालत गंभीर है जिन्हें कोलकाता के एसएसकेएम अस्पताल में रेफर किया गया है। हुसैन की हालत अब स्थिर बतायी जा रही है। फिलहाल वह होश में हैं। इस बीच सीआईडी ने इस बम हमले की जांच का जिम्मा संभाल लिया है। निमतिता रेलवे स्टेशन पर जांच का काम शुरू हो गया है।

डॉक्टर ने कहा कि घायल तृणमूल कार्यकर्ताओं में से कुछ के अंगों को काटा भी जा सकता है। राज्य में विधायकों के हमले की कई वारदातें हो चुकी हैं लेकिन किसी मंत्री पर सार्वजनिक रूप से हमले की यह पहली घटना है। इससे पहले कांग्रेस में रहे हुसैन तृणमूल में शामिल होकर वर्ष 2016 में जांगीपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़े और जीत भी गये।

इस बीच रेल मंत्री पीयूष गोयल और पश्चिम बंगाल कांग्रेस के अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी ने जाकिर हुसैन पर बम हमले की निंदा की है। गोयल ने मंत्री पर हमले की निंदा करते कहा,“ मैं पश्चिम बंगाल में निमतिता रेलवे स्टेशन में नृशंस बम हमले की निंदा करता हूं। मंत्री समेत अनय घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए भगवान से मेरी प्रार्थना है। अधीर रंजन चौधरी ने कहा, “ मैंने तृणमूल कांग्रेस नेता पर हमले के बारे में सुना। पुलिस जांच से ही वास्तविकता का पता चल सकता है।

मैं घटना की जांच और हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग करता हूं।” तृणमूल कांग्रेस मुर्शिदाबाद जिला अध्यक्ष अबू ताहिर खान ने बताया कि हुसैन को घायलावस्था में जांगीपुर सरकारी अस्पताल ले जाया गया जहां से उन्हें कोलकाता के अस्पताल पहुंचाया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने हमले को अंजाम दिया है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष ने हालांकि ताहिर खान के आरोपों को यह कहते हुए खारिज किया है कि मुर्शिदाबाद अपराधियों का अड्डा बन गया है। उन्होंने कहा कि हुसैन विधानसभा चुनाव के मद्देनजर अपनी की पार्टी में अंतर-संघर्ष के शिकार हो सकते हैं।

संबंधित समाचार