मुरादाबाद: सऊदी अरब में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी, एसएसपी ने दिए जांच के आदेश
मुरादाबाद,अमृत विचार। सऊदी अरब में नौकरी दिलाने का झांसा देकर छह बेरोजगार युवकों से दो सगे भाइयों ने ठगी कर डाली। सच्चाई सामने आने पर पीड़ितों ने अपनी रकम वापस मांगी तो वे टाल मटोल करने लगे। इस दौरान एक आरोपी विदेश भाग गया। मामले की शिकायत थाना में की गई तो आरोप है कि …
मुरादाबाद,अमृत विचार। सऊदी अरब में नौकरी दिलाने का झांसा देकर छह बेरोजगार युवकों से दो सगे भाइयों ने ठगी कर डाली। सच्चाई सामने आने पर पीड़ितों ने अपनी रकम वापस मांगी तो वे टाल मटोल करने लगे। इस दौरान एक आरोपी विदेश भाग गया। मामले की शिकायत थाना में की गई तो आरोप है कि पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। हारकर पीड़ित ने एसएसपी से शिकायत की, जिस पर उन्होंने सीओ ठाकुरद्वारा को मामले की जांच कर कार्रवाई के आदेश दिए हैं।
थाना डिलारी क्षेत्र के कस्बा ढकिया जट निवासी मोहम्मद युनूस का कहना है कि वह ठाकुरद्वारा थाना क्षेत्र के मोहल्ला फतेहउल्लागंज निवासी सिराजुद्दीन अब्बासी और उसके बड़े भाई निजामुद्दीन उर्फ भूरा को अच्छी तरह से जनता था। एक बार सिराजुद्दीन ने बताया कि उसका बड़ा भाई निजामुद्दीन लोगों को सऊदी अरब में नौकरी दिलाने का काम करता है।
युनूस के दोस्त रिजवान सऊदी अरब जाना चाहते थे। इस बारे में उन्होंने अपने परिचित सिराजुल निवासी ग्राम बूढ़नपुर और ढकिया जट के रहने वाले मोहम्मद अली, इरशाद, याकूब और अरविंद कुमार से बात की। ये सभी बेरोजगार थे, इसलिए सऊदी अरब जाने के लिए तैयार हो गए। युनूस के अनुसार उसने दोनों भाइयों को 1.45 लाख रुपए दे दिए। 22 नवंबर 2019 को सिराजुद्दीन ने इस रकम की रिसीविंग एक पेपर पर साइन करके दे दी। इसके बाद सिराजुद्दीन व उसके भाई कहने लगे कि यह पैसा कम है।
दोनों भाइयों ने कहा एक लड़के के एक लाख बीस हजार रुपए लगेंगे। छह लोगों को 7.20 लाख रुपए देने होंगे। 2.15 लाख रुपए हमारे पास आ चुके हैं। इसलिए पांच लाख पांच हजार रुपए का और इंतजाम कर लो। युनूस ने सात जून 2019 को रकम उन्हें दे दी। आरोप है कि इसके बाद दोंनों बहाने बनाते हुए टाल मटोल करने लगे। इस पर युनूस को शक हो गया। उसके अनुसार विश्वास जमाने के लिए 23 फरवरी 2020 को उन्होंने उसे 2.15 लाख रुपए का चैक भी दे दिया। जब युनूस ने पांच लाख पांच हजार रुपए का भी चैक मांगा तो बहाना बना दिया।
आरोप है कि जब उसने चैक एकाउंट में लगाया तो वह बाउंस हो गया। इस दौरान पता चला है कि सिराजुद्दीन विदेश भाग गया है। पीड़ित का कहना है कि उसने इस संबंध में 23 जुलाई 2020 को पुलिस से भी शिकायत की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। एसएसपी ने क्षेत्राधिकारी ठाकुरद्वारा को मामले की जांच कर कार्रवाई के आदेश दिए हैं।
