बरेली: छोटी-छोटी बातों में ही टूट रहा…सात जन्म का रिश्ता
संजय शर्मा, बरेली। शादी एक ऐसा रिश्ता, जिसे सात जन्मों का बंधन माना जाता है। सात फेरों का मतलब और उसे निभाने की कसम अग्नि के सामने खिलाई जाती है। पति पत्नी दोनों एक दूसरे का हर स्थिति में साथ निभाने का वादा करते हैं, लेकिन अब ये सब दिखावा ही रह गया। मामूली से …
संजय शर्मा, बरेली। शादी एक ऐसा रिश्ता, जिसे सात जन्मों का बंधन माना जाता है। सात फेरों का मतलब और उसे निभाने की कसम अग्नि के सामने खिलाई जाती है। पति पत्नी दोनों एक दूसरे का हर स्थिति में साथ निभाने का वादा करते हैं, लेकिन अब ये सब दिखावा ही रह गया। मामूली से विवाद में सात जन्मों का यह बंधन एक दूसरे का दुश्मन बन गया है।
शादी के कुछ समय बाद पति पत्नी एक दूसरे के गलत साबित करने के लिए न्यायालय के चक्कर काटते रहते हैं। जिस रिश्ते में मान, स्वाभिमान होता था वह एक दूसरे को सजा दिलाने के लिए कटघरे में खड़े होकर गंभीर आरोप लगाने तक से नहीं चूक रहे हैं। जबकि कुछ रिश्ते पुरानी प्रेम कहानी के कारण दम तोड़ रहे है। कुछ रिश्तों में शक ने जहर घोल दिया है। वहीं कुछ सास-ननद और बहू के विवाद के कारण खत्म हो गए।
पुलिस परामर्श केंद्र में दोनों पक्षों को समझाया जाता है। इस कारण वहां आने वाले कुछ लोगों की गलत फहमियां दूर हो जाती है, लेकिन यहां से भी 70 फीसदी मामलों में काउंसिलिंग फेल हो जाती है और उनमें मुकदमें दर्ज होते है। एसएसपी, आईजी और एडीजी यहां पहुंचने वाली शिकायतों में 40 फीसदी घरेलू हिंसा और दहेज अधिनियम की होती है।
“मामूली विवाद में परिवार बिखर रहे हैं। दहेज का मामला दर्ज करने से पहले उनकी काउंसिलिंग की जाती है। कुछ लोगों के घर टूटने से बच जाते है, लेकिन 70 फीसदी मामलों में रिपोर्ट दर्ज की जाती है। वहीं एसएसपी ऑफिस में रोज लगभग 100 शिकायतें आती हैं। इसमें से हर तीसरी शिकायत पति-पत्नी विवाद की होती है।” -रोहित सिंह सजवाण, एसएसपी
केस- 1: चावल न बनाने पर तोड़ दिया रिश्ता
कैंट के ठिरिया मोहनपुर में पति ने पत्नी से कहा की वह बाजार जा रहा है। लौटकर आने पर उसके लिए चावल बना देना। एक घंटे बाद जब पति लौटकर घर आया तो पता चला की पत्नी ने उसके लिए चावल नहीं बनाए। इसी बात से नाराज पति ने पहले तो पत्नी को पीटा और फिर उसे तलाक दे दिया।
केस- 2: एक महीने भी नहीं चला पति-पत्नी का रिश्ता
मढ़ीनाथ की रहने वाली युवती की शादी एक साल पहले वहीं के रहने वाले युवक के साथ हुई थी। शादी एक माह भी नहीं बीता था कि पति-पत्नी में विवाद हो गया। महिला ने पति समेत उसके रिश्तेदारों पर दहेज अधिनियम का मुकदमा दर्ज करा दिया। लड़की पक्ष समझौते में मोटी रकम की मांग कर रहा है।
केस- 3: पत्नी करती थी प्रेमी से बात, टूट गया रिश्ता
प्रेमनगर के रहने वाले एक व्यापारी की पत्नी प्रेमी से व्हाट्सएप पर बात करती थी। पति ने उसका व्हाट्सएप हैक का लिया तो उसे सच्चाई का पता चला। पति ने महिला को एक होटल में प्रेमी के साथ पकड़ा था। इसके बाद उनमें विवाद हुआ और उनका रिश्ता टूट गया।
