बरेली: नंदी बोले-29 अप्रैल से मुंबई व बंगलुरू के लिए शुरू होगी फ्लाइट
अमृत विचार, बरेली। 8 मार्च से बरेली-दिल्ली के लिए हवाई सेवा शुरू होने के बाद अप्रैल से मुंबई और बंगलुरू के लिए भी हवाई सेवा शुरू की जाएगी। शनिवार दोपहर बाद 20 मिनट के लिए पुलिस लाइन में रुके नागरिक उड्डयन मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ ने स्पष्ट कर दिया कि दोनों बड़े शहरों के …
अमृत विचार, बरेली। 8 मार्च से बरेली-दिल्ली के लिए हवाई सेवा शुरू होने के बाद अप्रैल से मुंबई और बंगलुरू के लिए भी हवाई सेवा शुरू की जाएगी। शनिवार दोपहर बाद 20 मिनट के लिए पुलिस लाइन में रुके नागरिक उड्डयन मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ ने स्पष्ट कर दिया कि दोनों बड़े शहरों के लिए इंडिगो हवाई सेवा शुरू करेगी।
दिल्ली के बाद देश के दो बड़े शहरों से हवाई कनेक्टिविटी शुरू होने से उद्योग और फिल्म जगत को भी फायदा पहुंचेगा। नागरिक उड्डयन मंत्री ने सिविल एन्क्लेव (बरेली एयरपोर्ट) से हवाई सेवा शुरू होने के संबंध में अधिकारियों के साथ पैसेंजर्स और एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर समीक्षा की। पुलिस लाइन के सभागार में मंत्री नंदी ने डीएम, एसएसपी, एयरपोर्ट निदेशक समेत अन्य अफसरों को व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों से पूछा कि पैसेंजर्स की सुविधा और सुरक्षा को लेकर क्या तैयारियां की हैं। एयरपोर्ट निदेशक राजीव कुलश्रेष्ठ के साथ ही एयरफोर्स व पुलिस अधिकारियों ने बेहतर सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम करने की जानकारी दी। नंदी ने अधिकारियों को बताया कि दिल्ली के लिए हवाई सेवा शुरू होने के बाद 29 अप्रैल से इंडिगो भी मुंबई व बंगलुरू के लिए बरेली से फ्लाइट शुरू करने की तैयारी में है।
मंत्री ने इसे लेकर भी अधिकारियों के साथ चर्चा की। 8 मार्च को दिल्ली से वीआईपी फ्लाइट आने के बाद 10 मार्च से रेगुलर बरेली से दिल्ली के लिए सप्ताह में चार दिन हवाई सेवा शुरू हो जाएगी। एयर इंडिया की सहयोगी कंपनी एलाइंस एयर 72 सीटर एटीआर एयरक्राफ्ट से हवाई सेवा शुरू करेगी।
मंत्री ने बताया कि बरेली के लोगों को सालों से हवाई सेवा का इंतजार था। अब उनकी मांग 8 मार्च से पूरी होने वाली है। मंत्री नंदी के साथ मुख्यमंत्री के सचिव एवं नागरिक उड्डयन निदेशक सुरेंद्र सिंह, ओएसडी अभिषेक कौशिक भी आए थे। इधर, मंत्री के सीधे एयरपोर्ट पहुंचने की सूचना पर डीएम और एसएसपी एयरपोर्ट पहुंच गए थे। बाद में तत्काल वहां से लौटकर पुलिस लाइन पहुंचे।
बरेली-दिल्ली फ्लाइट का शेड्यूल
एलाइंस एयर के शेड्यूल के अनुसार, 10 मार्च से सप्ताह में चार दिन बुधवार, शुक्रवार, शनिवार और रविवार को फ्लाइट दिल्ली से बरेली और बरेली से दिल्ली जाएगी। सुबह 9 बजे दिल्ली से चलकर 10 बजे फ्लाइट बरेली एयरपोर्ट पहुंचेगी जबकि बरेली से 10.30 बजे चलकर 11.30 बजे दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचेगी।
