शाहजहांपुर: रेलवे ट्रैक पर मिला युवक का शव, पत्नी पर हत्या का आरोप
शाहजहांपुर,अमृत विचार। रोजा थाना क्षेत्र में अटसलिया रेलवे क्रासिंग के पास एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को इसकी जानकारी दी। घटनास्थल पर पहुंचे परिजनों ने युवक की पत्नी पर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस …
शाहजहांपुर,अमृत विचार। रोजा थाना क्षेत्र में अटसलिया रेलवे क्रासिंग के पास एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को इसकी जानकारी दी। घटनास्थल पर पहुंचे परिजनों ने युवक की पत्नी पर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सिंधौली थानाक्षेत्र के गांव सफुलिया निवासी रावेंद्र कुमार का 23 वर्षीय बेटा संजीव 10 दिन पहले बीसलपुर थानाक्षेत्र के गांव लुहिचा स्थित ससुराल गया था। मायके में उसकी पत्नी दो माह से रुकी थी जिसे संजीव विदा कराने गया था। रावेंद्र ने बताया कि उसके बेटे और बहू में मनमुटाव चल रहा था जिस कारण वह मायके चली गई। जब संजीव उसके विदा कराने ससुराल गया तो वहां दोनों में झगड़ा हो गया। संजीव ने ससुराल से पिता को फोन करके बताया कि उसकी पत्नी ने उसे जान से मारने की धमकी दी है। शनिवार के बाद से संजीव से उसका कोई संपर्क नहीं हुआ। शनिवार देर शाम रोजा थानाक्षेत्र के अटसलिया रेलवे क्रासिंग के पास संजीव का शव पड़ा मिला।
मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की तो परिजनों को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों के अनुसार संजीव ससुराल से इतनी दूर क्यों और कैसे पहुंचा इसकी जानकारी नहीं है। रावेंद्र ने अपनी बहू पर संजीव की हत्या करने का आरोप लगाते हुए रोजा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। दो भाई और तीन बहनों में संजीव तीसरे नंबर का था।
हथौड़ा चौकी प्रभारी अनित कुमार ने बताया कि संजीव यहां कैसे आया और उसने आत्महत्या की या ट्रेन की चपेट में आ गया, इसकी जानकारी नहीं हो पाई है। पोस्टमार्टम के बाद यदि परिवार वाले तहरीर देते हैं तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
