बरेली: गलत बिल और स्मार्ट मीटर से बेहाल बिजली उपभोक्ता, क्या आप भी हैं इन्हीं में शामिल तो पढ़ें ये खबर
अमृत विचार,बरेली। गलत बिलिंग पर एफआईआर दर्ज करने के निर्देश देने के बाद भी उपभोक्ताओं को गलत बिल से राहत नहीं मिल पा रही है। एमडी के निर्देश पर लगाए जा रहे समस्या निस्तारण कैंप में लगातार गलत बिजली बिल और स्मार्ट मीटर की शिकायते पहुंच रही हैं। हालांकि शिकायत मिलने के बाद उपभोक्ताओं की …
अमृत विचार,बरेली। गलत बिलिंग पर एफआईआर दर्ज करने के निर्देश देने के बाद भी उपभोक्ताओं को गलत बिल से राहत नहीं मिल पा रही है। एमडी के निर्देश पर लगाए जा रहे समस्या निस्तारण कैंप में लगातार गलत बिजली बिल और स्मार्ट मीटर की शिकायते पहुंच रही हैं।
हालांकि शिकायत मिलने के बाद उपभोक्ताओं की शिकायतों का निस्तारण भी किया जा रहा है। वहीं, निस्तारण न होने वाली शिकायतों के लिए उपभोक्ताओं को समय दिया जा रहा है। समस्याओं के निपटारे के लिए लगाए गए शिकायत निवारण शिविर ने जिले में बिजली सुविधाओं की पोल खोल दी है। दो दिन के शिविर में हजारों उपभोक्ताओं की अपनी शिकायत दर्ज कराई। इनमें सबसे ज्यादा शिकायतें बिजली आपूर्ति और स्मार्ट मीटर की हैं।
दो दिन के शिविर में शहरी क्षेत्र के उपभोक्ताओं ने स्मार्ट मीटर की कुल 207 शिकायतें आई। सबसे ज्यादा उपभोक्ता मीटर तेज चलने और गलत बिल आने से परेशान थे। कई उपभोक्ताओं ने बिल जमा होने के बावजूद कनेक्शन कट जाने की बात कही। स्मार्ट मीटर के साथ गलत बिलिंग भी मुसीबत बनी हुई है। गलत बिलिंग पर ऊर्जा मंत्री के एफआईआर के निर्देश के बावजूद विभाग गंभीर नहीं है। दो दिन के शिविर में गलत बिलिंग की लगभग 200 शिकायतें दर्ज की गई। विद्युत आपूर्ति की भी करीब 180 शिकायतें दर्ज की गई।
मिशन विद्युत उपकेन्द्र पर पहुंचे चीफ इंजीनियर
जिले के अलग-अलग सब स्टेशनों के साथ रविवार को 33/11 केवी मिशन विधुत उपकेंद्र पर शिकायत शिविर कैंप लगाया गया। जिसमे विद्युत आपूर्ति, स्मार्ट मीटर व बिल सम्बन्धी 32 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। दोपहर के समय कैंप मे मुख्य अभियंता बरेली जोन तारिक मतीन व अधिशाषी अभियंता नगरीय प्रथम राजेश शर्मा ने कैंप में जाकर उपभोक्ताओं से उनकी समस्या के निस्तारण के बारे में जानकारी ली। अवर अभियंता सानेन्द्र सिंह ने बताया कि अधिकारियों ने निर्देश दिए हैं कि समय से अस्थायी विच्छेदन वाले समस्त उपभोक्ताओं के स्थायी विच्छेदन कर बकाया धनराशि की वसूली की जाए। वहीं, इसके साथ आगामी ग्रीष्म काल में उपभोक्ताओं को शासन की मंशा के अनुरूप 24 घंटे बिजली मुहैया कराई जाए।
