बरेली: डेलापीर तालाब- अवैध रूप से बेची भूमि की फिर पैमाइश
अमृत विचार, बरेली। मंडलायुक्त के आदेश के बाद रामभरोसे लाल धर्मार्थ ट्रस्ट को बेची गई डेलापीर तालाब की भूमि वापस लेने के लिए जांच अंतिम चरण में पहुंच गई है। इस प्रकरण की जांच रही टीम को सोमवार को जांच रिपोर्ट तैयार करनी थी, लेकिन कुछ बिंदु पर सूचना अधूरी रह जाने से आख्या नहीं …
अमृत विचार, बरेली। मंडलायुक्त के आदेश के बाद रामभरोसे लाल धर्मार्थ ट्रस्ट को बेची गई डेलापीर तालाब की भूमि वापस लेने के लिए जांच अंतिम चरण में पहुंच गई है। इस प्रकरण की जांच रही टीम को सोमवार को जांच रिपोर्ट तैयार करनी थी, लेकिन कुछ बिंदु पर सूचना अधूरी रह जाने से आख्या नहीं बन सकी।
वहीं सोमवार को जांच टीम ने डेलापीर तालाब पर दोबारा पहुंचकर फिर से नापजोख की। मामले की जांच कर रहे सेवानिवृत्त तहसीलदार विमल शुक्ला का कहना है कि जांच रिपोर्ट एक-दो दिन में सौंप दी जाएगी। डेलापीर तालाब का कुछ हिस्सा तत्कालीन नगर पालिका के अधिकारियों ने अवैध तरीके से रामभरोसे लाल धर्मार्थ ट्रस्ट को बेची दी थी। जबकि नियमानुसार तालाब की जमीन की ब्रिकी का अधिकार ही स्थानीय निकाय के पास नहीं है।
10 फरवरी को कलेक्ट्रेट के वार्षिक मुआयने में यह गंभीर प्रकरण सामने आने पर मंडलायुक्त रणवीर प्रसाद ने डीएम नितीश कुमार और नगर आयुक्त अभिषेक प्रकाश को तालाब की अनाधिकृत तौर से बेची गई भूमि को वापस लेने के निर्देश दिए। मंडलायुक्त ने नगर आयुक्त को यह भी निर्देश दिए कि भूमि बेचने के कागजात निकलवाएं।
साथ ही जितनी रकम में भूमि बेची, उतनी रकम राम भरोसे लाल धर्मार्थ ट्रस्ट को भुगतान कर जमीन वापस लें। डीएम को पैमाइश कराने के निर्देश दिए। इसी भूमि के प्रकरण में 11 जनवरी को न्यायालय अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व मनोज कुमार पांडेय की कोर्ट ने राम भरोसे लाल धर्मार्थ ट्रस्ट के डेलापीर तालाब के गाटा संख्या 133 ग्राम विहारमान नगला के भाग को अपनी संपत्ति बताने के प्रत्यावेदन को निरस्त कर दिया।
बताया कि बंदोबस्त अभिलेख चकबंदी आकार पत्र 45 के खाता 240 में तालाब श्रेणी मद 1 जलमग्न भूमि ग्राम बिहारमान नगला में अंकित है। यह गाटा संख्या 133 विपक्षी नंबर एक व दो द्वारा क्रय की गयी संपत्ति का भाग नहीं है और न ही जलमग्न भूमि के अलावा किसी अन्य श्रेणी के रुप में अंकित रही है। इस मामले की जांच कर रहे सेवानिवृत्त तहसीलदार विमल शुक्ला ने बताया कि इस प्रकरण के तमाम बिंदुओं की जांच लगभग पूरी हो चुकी है। सोमवार को टीम ने फिर से डेलापीर तालाब पहुंचकर कुछ बाकी पैमाइश की है। उनका कहना है कि जांच रिपोर्ट एक से दो दिन में सौंप दी जाएगी।
