बरेली: 48 स्थानों पर पिंक बूथ व कैमरों से होगी महिलाओं की सुरक्षा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। महिलाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सेफ सिटी प्रोजेक्ट के तहत बरेली पुलिस ने भी तैयारियां शुरू कर दी हैं। पुलिस ने 48 ऐसे स्थान चिह्नित किए गए हैं जहां महिलाओं के लिए सुरक्षा के इंतजाम किए जाने हैं। इन स्थानों पर पिंक बूथ, स्ट्रीट लाइट या हाई मास्ट लाइट …

बरेली, अमृत विचार। महिलाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सेफ सिटी प्रोजेक्ट के तहत बरेली पुलिस ने भी तैयारियां शुरू कर दी हैं। पुलिस ने 48 ऐसे स्थान चिह्नित किए गए हैं जहां महिलाओं के लिए सुरक्षा के इंतजाम किए जाने हैं। इन स्थानों पर पिंक बूथ, स्ट्रीट लाइट या हाई मास्ट लाइट और सीसीटीवी कैमरे लगेंगे।

एसएसपी के आदेश पर ट्रैफिक पुलिस ने स्थान चिह्नित कर रिपोर्ट तैयार कर ली है। रिपोर्ट एसएसपी के जरिए शासन को भेजी जाएगी। उसके बाद सुरक्षा के इंतजाम किए जाएंगे। सेफ सिटी प्रोजेक्ट के तहत सभी थानों में पिंक व्हीकल भी चलाए जाएंगे जिनमें महिला पुलिसकर्मी तैनात रहेंगी। गृह मंत्रालय की ओर से महिलाओं की सुरक्षा के लिए सेफ सिटी प्रोजेक्ट शुरू किया गया है। अभी यह प्रोजेक्ट बड़े शहरों में चल रहा है। धीरे-धीरे इसे सभी शहरों में शुरू किया जाना है।

इसके तहत पुलिस, नगर निगम, प्रशासन को अलग-अलग जिम्मेदारी दी गई है। एसएसपी ने नगर के सभी क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों को आदेश दिए थे कि वह अपने थाना क्षेत्र में ऐसे स्थान चिह्नित करें जहां रोशनी की व्यवस्था नहीं है। ऐसे स्थान चिह्नित करें जहां पिंक बूथ और सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने हैं। सीसीटीवी कैमरों के स्थान वहीं चिह्नित किए गए हैं जहां स्मार्ट सिटी के तहत कैमरे नहीं लग रहे हैं। इससे शहर के अन्य हिस्से भी सीसीटीवी की निगरानी में आ जाएंगे।

पुलिस ने शहर के 5 स्थानों को चिह्नित किया है जहां हाईमास्ट लाइट लगाई जाएंगी। पिंक बूथ पर महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती रहेगी। पिंक बूथ के अलावा पिंक सुरक्षा व्हीकल भी चलाए जाएंगे। शहर के सभी थानों के लिए करीब 50 टू-व्हीलर वाहनों की मांग की गई है। इन वाहनों पर पुलिसकर्मी तैनात रहेंगी। सभी थानों में एक फोर व्हीलर भी चलेगी। पुलिस रिपोर्ट तैयार कर शासन को भेजेगी और शासन के निर्देश के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पांच स्थानों पर लगेंगी हाई मास्ट लाइटें
रामगंगा तिराहा, बैरियर-2 तिराहा, इज्जतनगर स्टेशन तिराहा, संजय नगर तिराहा, विलय धाम

20 स्थानों पर तैयार किए जाएंगे पिंक बूथ
चौपुला चौराहा, चौकी चौराहा, पटेल चौक, सेटेलाइट तिराहा, बीसलपुर तिराहा, बीसलपुर चौराहा, डेलापीर तिराहा, सौ फुटा पूर्वी, इज्जतनगर तिराहा, मिनी बाईपास तिराहा, परसाखेड़ा तिराहा, किला क्रासिंग, सिटी सब्जी मंडी तिराहा, रामगंगा तिराहा, लाल फाटक, बरेली कॉलेज पश्चिमी गेट, श्यामगंज चौराहा, सेलेक्शन प्वाइंट, करगैना चौकी, संजय नगर तिराहा, मयूर वन चेतना केंद्र।

23 स्थानों पर लगेंगे सीसीटीवी
चौपुला चौराहा, चौकी चौराहा, पटेल चौक, डेलापीर तिराहा, सौ फुटा पश्चिमी तिराहा, सेलेक्शन प्वाइंट, ईंट पजाया तिराहा, मिनी बाईपास तिराहा, बीसलपुर चौराहा, सूद धर्म कांटा, बरेली कॉलेज गेट, सर्किट हाउस चौराहा, शील चौराहा, इज्जतनगर स्टेशन तिराहा, कोहाड़ापीर तिराहा, मालियों की पुलिया, परसाखेड़ा बाईपास तिराहा, गांधी उद्यान तिराहा, डोहरा मोड़, बजरंग ढाबा तिराहा, संजय नगर तिराहा, फिनिक्स मॉल, इनवर्टिस तिराहा।

सेफ सिटी प्रोजेक्ट के तहत रोशनी के इंतजाम के साथ पिंक बूथ और सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। सभी थानों में पिंक व्हीकल भी संचालित होंगे। सभी स्थानों पर महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती होगी। -रोहित सिंह सजवाण, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक

संबंधित समाचार