मुरादाबाद: महिला दरोगा के घर से नकदी-जेवर ले उड़ी नौकरानी, रिपोर्ट दर्ज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद,अमृत विचार। शहर कोतवाली में तैनात महिला दरोगा के घर उसकी नौकरानी ने चोरी कर ली। करीब 15 दिन पहले वह नकदी-जेवर समेत करीब डेढ़ लाख का माल लेकर चंपत हो गई। गुरुवार को वैवाहिक कार्यक्रम में जाने के लिए जब दरोगा ने अलमारी का लॉकर खोला तो सामान गायब देख होश उड़ गए। वह …

मुरादाबाद,अमृत विचार। शहर कोतवाली में तैनात महिला दरोगा के घर उसकी नौकरानी ने चोरी कर ली। करीब 15 दिन पहले वह नकदी-जेवर समेत करीब डेढ़ लाख का माल लेकर चंपत हो गई। गुरुवार को वैवाहिक कार्यक्रम में जाने के लिए जब दरोगा ने अलमारी का लॉकर खोला तो सामान गायब देख होश उड़ गए। वह जब नौकरानी के घर पहुंची तो वहां भी ताला लगा हुआ था। उन्होंने सिविल लाइंस कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज करा दी है।

शहर कोतवाली में रेनू तोमर बतौर उप निरीक्षक के पद पर तैनात हैं। वह सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र में कांठ रोड पर वशिष्ठ विहार में किराये के मकान में रह रही हैं। उनके अनुसार अक्सर काम के सिलसिले में वह और उनके पति बाहर रहते हैं। इस कारण बच्चे की देखभाल करने में परेशानी होती थी। इस बीच शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कंजरी सराय निवासी ज्योति उनके संपर्क में आई। उन्होंने बच्चे की परवरिश के लिए उसे नौकरी पर रख लिया।

रेनू के अनुसार करीब चार माह से वह बच्चे की परवरिश कर रही थी। अक्सर वह घर में अकेले रहती थी। करीब 15 दिन पहले उसने पति का एक्सीडेंट होने की बात कहकर काम छोड़कर जाने की बात कही। उसका कहना था कि पति के ठीक होने के बाद वह वापस आएगी। रेनू के अनुसार इस पर उन्होंने कुछ रुपए देकर उसे भेज दिया।

गुरुवार को उन्हें वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होना था। इसके लिए वह सामान पैक कर रही थीं। जेवर निकालने के लिए जब लॉकर खोला तो उनके होश उड़ गए। उसमें रखे 10 हजार रुपए और सोने-चांदी के जेवर सहित करीब डेढ़ लाख का माल गायब था। इस पर उन्होंने ज्योति से संपर्क करने का प्रयास किया। लेकिन, बात नहीं हो सकी। उसके घर जाकर देखा तो वहां भी ताला लटका था। उन्होंने सिविल लाइंस कोतवाली में उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।

 

 

संबंधित समाचार