बरेली: चुनाव जीतने को नाम कटवाने का चल रहा खेल, रिपोर्ट
अमृत विचार, बरेली। पंचायत चुनाव में भावी उम्मीदवार चुनाव जीतने के लिए तरह तरह के हथकंडे अपना रहे हैं। ऐसा ही एक मामला कैंट में सामने आया है। क्षेत्र के एक गांव से प्रधान पद के लिए दावेदारी कर रहे युवक और उसकी पत्नी का वोट पूर्व प्रधान ने गांव से कटवा दिया। भावी उम्मीदवार …
अमृत विचार, बरेली। पंचायत चुनाव में भावी उम्मीदवार चुनाव जीतने के लिए तरह तरह के हथकंडे अपना रहे हैं। ऐसा ही एक मामला कैंट में सामने आया है। क्षेत्र के एक गांव से प्रधान पद के लिए दावेदारी कर रहे युवक और उसकी पत्नी का वोट पूर्व प्रधान ने गांव से कटवा दिया। भावी उम्मीदवार को जब इसकी जानकारी लगी तो उसने एसएसपी से शिकायत की। एसएसपी के निर्देश पर कैंट पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
कैंट थाना क्षेत्र के परगंवा गांव के रहने वाले इशहाक ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ गांव में ही रह रहे है। इस बार वह प्रधानी का चुनाव लड़ने के लिए तैयारियां कर चुके है। आरोप है कि गांव के ही रहने वाले पूर्व प्रधान ने उनका और पत्नी के नाम बीएलओ से मिलकर वोटर लिस्ट से कटवा दिया।
यही नहीं बीएलओ से मिलीभगत करके दूसरी ग्राम पंचायत की वोटर लिस्ट में नाम दर्ज करा दिया। पूर्व प्रधान ने दूसरी ग्राम पंचायत में नाम दर्ज होने का हवाला देकर उसका नाम उसकी ग्राम पंचायत से हटवा दिया। इशहाक ने बताया कि जानकारी होने पर उसने कैंट पुलिस को तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की, लेकिन पुलिस ने नहीं सुनी।
तब एसएसपी के निर्देश पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस अब इस प्रकरण में मामले की जांच कर रही है। एसएसपी के आदेश पर आरोपित पूर्व प्रधान मोहर सिंह व उनके बेटे अनुराग पटेल पर रिपोर्ट दर्ज हुई है।
