बरेली: रिश्वत लेते पकड़े गए पूर्व चौकी इंचार्ज को बर्खास्त करने की संस्तुति
अमृत विचार, बरेली। एंटी करप्शन की बरेली इकाई ने बारादरी थाने की कांकरटोला पुलिस चौकी पर तैनात दरोगा को 10 हजार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया था। जिसके बाद इज्जतनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। दरोगा के खिलाफ विभागीय जांच की गई। एसपी देहात की जांच में दरोगा पर आरोप सही …
अमृत विचार, बरेली। एंटी करप्शन की बरेली इकाई ने बारादरी थाने की कांकरटोला पुलिस चौकी पर तैनात दरोगा को 10 हजार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया था। जिसके बाद इज्जतनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। दरोगा के खिलाफ विभागीय जांच की गई। एसपी देहात की जांच में दरोगा पर आरोप सही साबित हुए हैं। एसपी देहात राजकुमार अग्रवाल ने आरोपित दारोगा को दोषी मानते हुए बर्खास्तगी की संस्तुति कर रिपोर्ट एसएसपी को सौंप दी है।
बारादरी थाने में छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज हुआ था। इस मामले की विवेचना कांकर टोला चौकी के दरोगा योगेश गौतम कर रहे थे। दरोगा ने आरोपी के भाई का नाम निकालने और धारा 354 हटाने के लिए 10 हजार रुपये की मांग की थी। इसकी शिकायत मोबीन खान ने एंटी करप्शन विभाग से की थी।
शिकायत के बाद एंटी करप्शन ने दरोगा को पकड़ने के लिए जाल बिछाया था। जिसके बाद उसे पैसे लेते हुए टीम ने रंगे हाथ पकड़ लिया था। उसके बाद आरोप दरोगा पर इज्जतनगर थाने में मुकदमा दर्ज कराने के बाद जेल भेज दिया था। विभागीय जांच एसपी देहात को सौंपी गई थी। जांच के आधार पर दरोगा का दोषी पाया गया है। जिसकी बर्खास्ती को लेकर एसपी देहात ने एसएसपी को मामले की रिपोर्ट सौंपी है। वर्तमान में दरोगा लाइन में है।
एसपी देहात की विभागीय जांच में दरोगा पर लगे आरोप सही पाए गए है। बर्खास्तगी की संस्तुति की गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। – रोहित सिंह सजवाण, एसएसपी
