बरेली: गेहूं खरीद की तैयारियों तेज, 37 केंद्रों का हुआ निर्धारण
अमृत विचार, बरेली। गेहूं की फसल पकने में भले ही समय लगे, लेकिन शासन के निर्देश पर विपणन विभाग ने गेहूं खरीद की तैयारियां तेज कर दी है। किसानों की सहूलियत को देखते हुए ब्लाकों के आधार पर क्रय केंद्रों का निर्धारण किया जा रहा है। अब तक कुल 37 केंद्रों का अनुमोदन किया जा …
अमृत विचार, बरेली। गेहूं की फसल पकने में भले ही समय लगे, लेकिन शासन के निर्देश पर विपणन विभाग ने गेहूं खरीद की तैयारियां तेज कर दी है। किसानों की सहूलियत को देखते हुए ब्लाकों के आधार पर क्रय केंद्रों का निर्धारण किया जा रहा है। अब तक कुल 37 केंद्रों का अनुमोदन किया जा चुका है। अभी इसकी संख्या और बढ़ेगी।
खरीद केंद्रों पर केंद्र प्रभारियों की तैनाती भी निर्धारित है। अफसरों के मुताबिक शासन की मंशा के अनुसार एक अप्रैल से किसानों से गेहूं की खरीद प्रारंभ कर दी जाएगी। इस बार समर्थन मूल्य 50 रुपये बढ़ाते हुए सरकार ने 1975 रुपये निर्धारित किया है। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व वीके सिंह को गेहूं खरीद के लिए जिला क्रय अधिकारी नियुक्त किया गया है।
जिला विपणन अधिकारी सुनील भारती ने बताया क्रय केंद्रों के निर्धारण के लिए क्रय केंद्र संचालकों से प्रस्ताव मांगा था। अब तक मिले प्रस्ताव में से छह एजेंसियों के कुल 37 केंद्रों का निर्धारण किया गया है। इसमें खाद्य विभाग के 10, पीसीएफ के 10, एसएफसी के पांच, यूपीएसएस के आठ, मंडी समिति के तीन व भारतीय खाद्य निगम के एक केंद्र का निर्धारण किया गया है।
इन सभी केंद्रों पर निर्धारित तिथि से किसानों से गेंहू की खरीद प्रारंभ की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि किसानों को 1975 रुपये प्रति क्विंटल से गेहूं की खरीद का भुगतान किया जाएगा।100 क्विंटल से अधिक गेहूं की बिक्री पर एसडीएम से सत्यापन कराना होगा।
तहसीलों के अनुसार निर्धारित किए क्रय केंद्र
सदर तहसील के बिथरी ब्लाक में तीन, भोजीपुरा में चार, क्यारा में चार। मीरगंज तहसील के स्थानीय ब्लाक में दो, फतेहगंज पश्चिमी में एक। बहेड़ी तहसील के स्थानीय ब्लाक में पांच, दमखोदा में दो, रिछा में एक। आंवला तहसील के रामनगर ब्लाक में तीन, आलमपुर जाफराबाद में एक। नवाबगंज तहसील के स्थानीय ब्लाक में तीन,भदुपरा में एक। फरीदपुर के स्थानीय ब्लाक में चार, भुता ब्लाक में तीन केंद्र का निर्धारण किया गया है।
गेहूं के क्रय केंद्रों के अनुमोदन के बाद जीओ टैगिग का कार्य किया जा रहा है। एक मार्च तक शासन से गेंहू क्रय करने का प्लान आने की उम्मीद है। इसके बाद समर्थन मूल्य 1975 पर 1 अप्रैल से किसानों के गेंहू की खरीद प्रारंभ कर दी जाएगी। सुनील भारती, डिप्टी आरएमओ
