मुरादाबाद : पतंजलि की सेवायें अब बलदेव अग्रवाल नेचुरोपैथी में होंगी शुरू
मुरादाबाद। उपचार, दवा और सेहत की सेवाओं के लिए परेशान लोगों को राहत की बात है। अब पतंजलि ट्रस्ट की सेवायें शहर के बलदेव अग्रवाल नेचुरोपैथी केंद्र में उपलब्ध होंगी। अप्रैल से यह सेवा शुरू हो जाएगी। दोनों ट्रस्टों के साझा प्रयास से यह सुविधा मिलने जा रही है। मंगलवार को पतंजलि ट्रस्ट की ओर …
मुरादाबाद। उपचार, दवा और सेहत की सेवाओं के लिए परेशान लोगों को राहत की बात है। अब पतंजलि ट्रस्ट की सेवायें शहर के बलदेव अग्रवाल नेचुरोपैथी केंद्र में उपलब्ध होंगी। अप्रैल से यह सेवा शुरू हो जाएगी। दोनों ट्रस्टों के साझा प्रयास से यह सुविधा मिलने जा रही है। मंगलवार को पतंजलि ट्रस्ट की ओर से योग आचार्य स्वामी रामदेव व उनके सहयोगी आचार्य बालकृष्ण मुरादाबाद पहुंचे।
उन्होंने रामगंगा विहार स्थित इस नेचुरोपैथी सेंटर के सदस्यों के साथ केंद्र का निरीक्षण किया। दोनों ट्रस्टों की ओर से साझा सेवा देने का ऐलान किया गया। इस दौरान स्वामी रामदेव ने केंद्र परिसर में पौधारोपण भी किया और नेचुरोपैथी सेंटर के आईसी अग्रवाल, अमृतलाल तोदी, कैलाश अग्रवाल, बनवारीलाल सहित ट्रस्ट के अन्य लोगों के साथ राय-मशविरा किया। दोनों ट्रस्टों की ओर से मुरादाबाद में संयुक्त रूप से चिकित्सा सेवा एवं जनस्वास्थ्य के लिए कार्य करने का निर्णय लिया गया है।
करीब साढ़े तीन घंटे मुरादाबाद प्रवास के दौरान योग गुरु ने बलदेव ट्रस्ट के सदस्यों से अपनी योजना रचना की चर्चा की। इस दौरान सामाजिक कार्यकर्ता ज्ञानेंद्र गांधी, ऋचा अग्रवाल, रूबल तोदी डा. दीपक मेंदीरत्ता, पूनम चौहान, ऋतु बिश्नोई सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों ने योगगुरु का स्वागत किया। बता दें कि बलदेव अग्रवाल ट्रस्ट का केंद्र पांच एकड़ भू-भाग में फैला हुआ है। पिछले आठ सालों से यहां नेचुरोपैथी की सेवाएं दी जा रही हैं। सूत्रों का कहना है कि मुरादाबाद और आसपास के लोग पतंजलि आयुर्वेद केंद्र की सेवा और उत्पाद के लिए अब तक हरिद्वार तक दौड़ लगाते थे। अब मुरादाबाद में यह सेवा उपलब्ध होगी।
दोनों ट्रस्ट साथ मिलकर काम करेंगे और संयुक्त नेचुरोपैथी केंद्र संचालित होगा। इसी के मद्देनजर स्वामी रामदेव मुरादाबाद पहुंचे और लोगों को योग से जुड़ने की अपील की। उनकी सुरक्षा को लेकर सिविल प्रशासन सतर्क रहा। हेलीकाप्टर से उतर कर सड़क मार्ग से वह रामगंगा विहार पहुंचे। इस दौरान उनके प्रशंसकों और समर्थकों की भीड़ लग गई। योग गुरु ने हर किसी को समझने और समझाने का प्रयास किया।
देशभर में खोलेंगे एक हजार पतंजलि योग वेलनेस सेंटर : रामदेव
पतंजलि पीठ के योगाचार्य रामदेव ने कहा कि हम देश भर में एक हजार योग वेलनेस सेंटर (योग कल्याण केंद्र) खोल रहे हैं। इसकी शुरुआत मुरादाबाद से की जा चुकी है। जल्द ही यहां पर बड़े समारोह में इस केंद्र का उद्घाटन किया जाएगा। केंद्र में मेटरनल हेल्थ और डिलीवरी की सुविधा मिलेगी। नवजात और बच्चों संग किशोर स्वास्थ्य सुविधा और गैर संक्रामक रोगों के प्रबंधन की सुविधा दी जाएगी। यहां आंख, नाक, कान व गले की बीमारियों का इलाज किया जाएगा।
प्रस्तावित केंद्र को देखने योग गुरु मंगलवार को दोपहर हेलीकाप्टर से यहां पहुंचे। इस दौरान पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में उन्होंने यह जानकारी दी। कहा कि हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर का उद्देश्य बीमारियों का प्राथमिक व स्थानीय स्तर पर पता लगाना और समय रहते निदान करना है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रशंसा की। बोले, प्रधानमंत्री ने कोरोना रोधी टीका लगवाकर सबको जवाब दे दिया है। बातचीत के दौरान उन्होंने कई प्रश्नों के उत्तर दिए। वैक्सीन के मुद्दे पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं की चुटकी ली।
कहा कि ऐसे लोग पतंजलि आ जाएं, हम उनका इलाज करेंगे। प्राकृतिक चिकित्सा क्षेत्र में पतंजलि के बढ़ते कदम की चर्चा करते हुए कहा कि पतंजलि से ड्रग माफिया भयभीत हो गए हैं। एक प्रश्न के उत्तर में कहा कि हमने कभी नहीं कहा कि हम इस चिकित्सा पद्धति से हर रोग ठीक कर देंगे, बल्कि हमने कहा है कि प्राकृतिक चिकित्सा से लाइलाज बीमारियों को भी ठीक करने की सामर्थ्य होती है। इस दौरान उनके साथ सहयोगी आचार्य बालकृष्ण भी मौजूद रहे।
