बरेली: बधाई की अवैध वसूली, किन्नरों ने डीएम से मांगा न्याय

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, बरेली। तहसील सदर में सोमवार को जिलाधिकारी नितीश कुमार और एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने शिकायतें सुनीं। मुरावपुरा चौकी गढ़ी, थाना किला निवासी रजनी किन्नर चेला (गुरू) पूनम किन्नर कुछ किन्नर साथियों के साथ शिकायत लेकर तहसील पहुंची। डीएम के समक्ष अपनी बात रखते हुए किन्नरों ने बताया कि वह व उसकी गुरु …

अमृत विचार, बरेली। तहसील सदर में सोमवार को जिलाधिकारी नितीश कुमार और एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने शिकायतें सुनीं। मुरावपुरा चौकी गढ़ी, थाना किला निवासी रजनी किन्नर चेला (गुरू) पूनम किन्नर कुछ किन्नर साथियों के साथ शिकायत लेकर तहसील पहुंची। डीएम के समक्ष अपनी बात रखते हुए किन्नरों ने बताया कि वह व उसकी गुरु सुभाषनगर, मढ़ीनाथ, जंक्शन एरिया के आसपास सिविल लाइंस आदि क्षेत्र में बधाई मांगते हैं। उसने तीन किन्नरों पर उसके क्षेत्र में अवैध रूप से बधाई मांगने की शिकायत की। इसकी शिकायत उसने आईजीआरएस पर भी की थी।

इस प्रकरण की जांच पुलिस ने की जिसमें उन किन्नरों के अवैध रूप से बधाई मांगने की बात पुष्ट हुई। मंगलवार को तीनों किन्नरों ने सुभाषनगर की बग्गा कालोनी से अवैध रूप से बधाई वसूल की। इसकी शिकायत जिजमान ने उससे व उसके चेलों से की। किन्नर ने फर्जी रसीद बुक व विजिटिंग कार्ड भी छपवा लिए हैं। कई बार उन किन्नरों को समझा चुके हैं लेकिन हर बार वे मारपीट पर उतारू हो जाते हैं। डीएम ने पुलिस को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

सदर तहसील में आयोजित समाधान दिवस में 132 शिकायतें पहुंचीं। मौके पर सिर्फ 12 का ही निस्तारण हुआ। जिलाधिकारी नितीश कुमार ने शिकायतों का समय पर निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिन विभागों की अधिक शिकायतें आयीं उनके अधिकारियों से कहा कि वह अपनी कार्यप्रणाली में सुधार लाएं।

समाधान दिवस में आए शिकायतकर्ता लल्ला ने बताया कि उन्होंने अपना राशन कार्ड बनवाने के लिए कुछ महीने पहले आंनलाइन रजिस्ट्रेशन कराया था लेकिन अभी तक उनका राशन कार्ड नहीं बन पाया है। खन्ना बाबू ने बताया कि कुछ लोगों ने उनकी जमीन पर अवैध कब्जा कर रखा है।

मो. शाहिद ने बताया कि उनका परिवार बहुत ही गरीब है लेकिन उन्हें अभी तक मकान नहीं मिल पाया है। बाबूराम ने बताया कि उन्होंने अपना गन्ना कुछ महीने पहले बेचा था लेकिन उसका मूल्य अभी तक मिल पाया है। मोहन देई ने बताया कि ग्राम पंचायत अन्दुल्लापुर माफी के मजरा नया पहाड़गंज का मूल निवासी है प्रार्थी को अभी तक बिजली का कनेक्शन नहीं हो पाया है। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को तुरंत समस्या के निदान के आदेश दिए। समाधान दिवस में एसएसपी रोहित सिंह सजवाण, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, उप ज़िलाधिकारी सदर, तहसीलदार सदर, जिला कृषि अधिकारी, जिला गन्ना अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

न्याय की उम्मीद धुंधली हुई तो डीएम से मिलने में ठिठके कदम
ग्राम बेहटी देह जागीर के भजन लाल मंगलवार को समाधान दिवस में शिकायत करने पहुंचे लेकिन न्याय की उम्मीद न होने के चलते बिना शिकायत करे ही वापस लौट गए। डीएम के सामने पेश होने से पहले अपने बढ़ते कदमों को रोक लिया और सीढ़ियों पर बैठ गए। कुछ देर सोचा और उसके बाद वापस चले गए। भजनलाल ने बताया कि एक माह पहले उन्होंने एसडीएम कार्यालय में जमीन के विवाद की शिकायत की थी।

एसडीएम ने कार्यवाही करने की बात कहकर तसल्ली दी और उनसे घर जाने को कहा। कुछ दिनों बाद लेखपाल ने मौके पर पहुंच कर उनकी गैरहाजिरी में विवादित खेत की तूदाबंदी कर उनकी एक बीघा जमीन को पैमाइश में कम कर दिया। उन्होंने तहसीलदार से सही पैमाइश करने की बात कही तो तहसीलदार ने टालते हुए तूदाबंदी करवाने की बात कही। आरोप है कि विरोधियों ने उनकी खेत में खड़ी गेहूं की फसल को भी नुकसान पहुंचाया है। भजनलाल ने कहा कि गरीब किसान हैं इसलिए न्याय नहीं मिल रहा है।

संबंधित समाचार