बरेली: पार्किंग से कब्जा हटाने पर बवाल, दुकानदार ने पेट्रोल छिड़का

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, बरेली। सिविल लाइंस में प्रभा टॉकिज के पास पार्किंग स्थल से दुकानदारों के कब्जे हटाने के दौरान बवाल हो गया। पार्किंग की जगह पर कब्जा किए दुकानदार नगर निगम के प्रवर्तन दल से भिड़ गए। एक दुकानदार ने तो बाइक से पेट्रोल निकालकर खुद पर छिड़क लिया। यह देखकर प्रवर्तन दल के लोगों …

अमृत विचार, बरेली। सिविल लाइंस में प्रभा टॉकिज के पास पार्किंग स्थल से दुकानदारों के कब्जे हटाने के दौरान बवाल हो गया। पार्किंग की जगह पर कब्जा किए दुकानदार नगर निगम के प्रवर्तन दल से भिड़ गए। एक दुकानदार ने तो बाइक से पेट्रोल निकालकर खुद पर छिड़क लिया।

यह देखकर प्रवर्तन दल के लोगों के हाथ-पांव फूल गए। उन्होंने किसी तरह से दुकानदार को पकड़कर उसे खुद को आग लगाने से बचाया। हालांकि, नगर निगम की टीम दुकानदार के ठेके और उनके सामान उठाकर नगर निगम ले आई। इसके बाद निगम पहुंचे दुकानदारों ने यहां भी काफी देर तक बवाल और हंगामा किया। सुनवाई न होने पर वे नगर आयुक्त की गाड़ी के आगे भी कुछ देर के लिए बैठ गए। नगर आयुक्त ने दुकानदारों से लिखित आपत्ति लेकर उसका समाधान जल्द कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद दुकानदार वापस चले गए।

प्रभा टॉकिज के पास नगर निगम की पार्किंग बनी है। यहां काफी समय से फड़ और ठेले वाले चाय, चाट, खाना आदि के ठेले व फड़ लगाकर कब्जा किए हुए थे। चूंकि इस समय यहां सीवर लाइन बिछाने के लिए सड़क की खुदाई भी चल रही है। इसलिए यहां लोगों को आने-जाने में भी काफी परेशानी हो रही है। इसे देखते हुए गुरुवार को नगर निगम का प्रवर्तन दल यहां पार्किंग स्थल से दुकानदारों का कब्जा हटाने पहुंची तो उनकी दुकानदारों से भिड़ंत हो गई।

उनका कहना था कि अधिकारियों को सिर्फ गरीबों की ही रोजी-रोटी छिनना ही आसान दिखाई देता है। इस दौरान यहां ठेला लगाने वाले बंशीनगला के रहने वाला सोनू पुत्र स्व. रामसहाय एकाएक भड़क उठा और पास खड़ी बाइक की टंकी खोलकर पाइप से पेट्रोल निकालकर खुद पर छिड़कने लगा। यह देखकर वहां प्रवर्तन दल के प्रभारी जयपाल सिंह पटेल सहित गार्डों के हाथ-पैर फूलने लगे। दुकानदार खुद को आत्मदाह की कोशिश करते देख प्रवर्तन दल के प्रभारी और गार्डों ने फौरन तेजी दिखाते हुए दुकानदार को पकड़ लिया।

इसके बाद उसे काफी समझाने की कोशिश की गई। इस दौरान वहां काफी अफरा-तफरी मची रही। बाद में प्रवर्तन दल दुकानदारों के ठेले और उस पर रखे सामान को उठाकर नगर निगम ले गया। इस कार्रवाई से नाराज यहां के बड़ी संख्या में दुकानदार नगर निगम के परिसर में पहुंच गए। वहां भी उन्होंने काफी देर तक हंगामा किया। वह काफी समय तक नगर आयुक्त से मिलने की मांग करते रहे लेकिन सुनवाई न होती देख नगर आयुक्त अभिषेक आनंद की गाड़ी के आगे भी काफी देर तक बैठकर प्रदर्शन करने लगे।

इससे वहां सुरक्षा कर्मी भी बवाल की आशंका को देखते हुए सक्रिय हो गए। बाद में दफ्तर से वापस जाने के लिए गाड़ी में बैठे नगर आयुक्त ने दुकानदारों की लिखित आपत्ति के बाद यथासंभव मदद देने का आश्वासन देकर वहां से निकल गए। इसके बाद दुकानदार भी एक-एक कर वहां से चले गए।

प्रभा टॉकिज के पास ठेले व खोखे वाले काफी समय से कब्जा किए हुए थे। उन्हें हटाया गया था। चूंकि ये दुकानदार सार्वजनिक पार्किंग स्थल पर अतिक्रमण किए हुए थे, इसलिए कब्जा हटाने के लिए दुकानदारों को नोटिस देने की जरूरत नहीं होती।
-अभिषेक आनंद, नगर आयुक्त

संबंधित समाचार