केरल: मेट्रो मैन ई श्रीधरन को लेकर बयान से पलटे केंद्रीय मंत्री बोले- अभी सीएम उम्मीदवार तय नहीं

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

तिरुवल्ला (केरल)। केंद्रीय मंत्री वी मुरलीधरन ने कहा था कि मेट्रो मैन ई श्रीधरन केरल में भारतीय जनता पार्टी के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार होंगे। जिसके बाद अब केंद्रीय मंत्री मुरलीधरन ने अपने पिछले बयान को स्पष्ट करते हुए कहा, ‘बीजेपी ने अभी तक श्रीधरन का नाम केरल चुनाव के लिए सीएम उम्मीदवार के रूप …

तिरुवल्ला (केरल)। केंद्रीय मंत्री वी मुरलीधरन ने कहा था कि मेट्रो मैन ई श्रीधरन केरल में भारतीय जनता पार्टी के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार होंगे। जिसके बाद अब केंद्रीय मंत्री मुरलीधरन ने अपने पिछले बयान को स्पष्ट करते हुए कहा, ‘बीजेपी ने अभी तक श्रीधरन का नाम केरल चुनाव के लिए सीएम उम्मीदवार के रूप में तय नहीं किया है। मैं जो बताना चाहता था वह यह था कि मीडिया रिपोर्टों के माध्यम से मुझे पता चला कि पार्टी ने यह घोषणा की है। बाद में, मैंने पार्टी प्रमुख के साथ क्रॉस-चेक किया तो पता चला कि ऐसी कोई घोषणा नहीं की गई है।

इससे पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की केरल इकाई ने बृहस्पतिवार को कहा कि उसने केंद्रीय नेतृत्व से हाल ही में पार्टी में शामिल हुए मेट्रोमैन ई श्रीधरन को केरल में विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित करने का अनुरोध किया था। इससे पहले प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के सुरेंद्रन ने कहा कि यदि राजग को मेट्रोमैन के नेतृत्व में राज्य में शासन का अवसर मिलता है तो हमें विश्वास है कि हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अधीन केरल में दस गुणा ताकत के साथ विकास कार्यों को लागू करेंगे।

उन्होंने यहां पार्टी की एक बैठक में पेलारिवेत्तम फ्लाईओवर के निर्धारित समय सीमा से काफी पहले बस पांच महीने में पुनर्निर्माण समेत श्रीधरन की उपलब्धियों का बखान किया। उन्होंने अपने नेतृत्व में निकाली गयी विजय यात्रा के तहत आयोजित बैठक में कहा कि उन्होंने पांच महीने में यह परियोजना बिना किसी भ्रष्टाचार के पूरा की। यही वजह है कि हमने श्रीधरन एवं अपने पार्टी नेतृत्व से अनुरोध किया है कि उन्हें राजग के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में पेश किया जाए। यह पहली बार है कि पार्टी ने संकेत दिया कि श्रीधरन राजग के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार होंगे।

संबंधित समाचार