बरेली: 10 से 24 मार्च तक आयुष्मान पखवाड़ा, बनेंगे गोल्डन कार्ड

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार,बरेली। प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के चयनित प्रत्येक लाभार्थी को मुफ्त इलाज उपलब्ध कराने के लिए सरकार गंभीर है। गोल्डन कार्ड के अभाव में किसी का इलाज बाधित न हो, इसके लिए 10 से 24 मार्च तक आयुष्मान पखवाड़ा आयोजित होगा। इसमें आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ता लाभार्थियों को सूची के आधार पर पर्ची देंगी, …

अमृत विचार,बरेली। प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के चयनित प्रत्येक लाभार्थी को मुफ्त इलाज उपलब्ध कराने के लिए सरकार गंभीर है। गोल्डन कार्ड के अभाव में किसी का इलाज बाधित न हो, इसके लिए 10 से 24 मार्च तक आयुष्मान पखवाड़ा आयोजित होगा। इसमें आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ता लाभार्थियों को सूची के आधार पर पर्ची देंगी, जिस पर गोल्डन कार्ड बनाने के लिए स्थल का नाम अंकित होगा।

पर्ची लेकर लाभार्थी केंद्र पर जाएगा जहां उसका मुफ्त गोल्डन कार्ड बनाया जाएगा। स्वास्थ्य नगर अधिकारी व एसीएमओ डा. अशोक कुमार ने बताया कि आयुष्मान पखवाड़े में जिले के सभी जन सुविधा केंद्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों व जिला चिकित्सालयों में 10 मार्च से निशुल्क गोल्डन कार्ड बनाए जाएंगे। गोल्डन कार्ड बनवाने के लिए जन सुविधा केंद्र पर कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। इस पखवाड़े में आयुष्मान भारत योजना के चयनित परिवारों का कार्ड निर्गत किया जाएगा। अभियान में लक्षित परिवारों को योजना के प्रति जागरूक करना है और आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।

पर्ची में दर्ज होगी ये जानकारी
डा. अशोक कुमार ने बताया कि आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पात्र परिवारों को एक पर्ची देंगी जिसमें शिविर स्थल की जानकारी होगी। लाभार्थी को संबंधित स्थल पर पर्ची के साथ आधार कार्ड, राशन कार्ड भी साथ लेकर जाना होगा। एक परिवार के 5 सदस्यों का आयुष्मान कार्ड बन सकता है। पखवाड़े के बारे में जागरूक करने के लिए आशा कार्यकर्ता व्यापक प्रचार-प्रसार करेंगी। गोल्डन कार्ड बनवाने के लिए नजदीकी सीएससी जाना होगा या फिर आयुष्मान भारत के पैनल में शामिल अस्पतालों में गोल्डन कार्ड बनवा सकते हैं।

संबंधित समाचार