बरेली: एक सप्ताह की पढ़ाई के बाद शुरू हो जाएंगी ये परीक्षाएं
अमृत विचार, बरेली। एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय से संबद्ध अधिकांश महाविद्यालयों में एक सप्ताह बाद पढ़ाई बंद हो जाएगी। विश्वविद्यालय की विषम सेमेस्टर के साथ-साथ एमबीबीएस, बीएससी पैरामेडिकल समेत कई परीक्षाएं 16 मार्च से शुरू हो रही हैं। ऐसे में छात्रों के पास भी परीक्षाओं की तैयारी के लिए सिर्फ एक सप्ताह का ही समय बचा …
अमृत विचार, बरेली। एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय से संबद्ध अधिकांश महाविद्यालयों में एक सप्ताह बाद पढ़ाई बंद हो जाएगी। विश्वविद्यालय की विषम सेमेस्टर के साथ-साथ एमबीबीएस, बीएससी पैरामेडिकल समेत कई परीक्षाएं 16 मार्च से शुरू हो रही हैं। ऐसे में छात्रों के पास भी परीक्षाओं की तैयारी के लिए सिर्फ एक सप्ताह का ही समय बचा है। पहले पढ़ाई न होने और फिर जल्द परीक्षाएं होने से छात्र भी परेशान हैं और कुछ छात्र विश्वविद्यालय प्रशासन से शिकायत भी कर चुके हैं।
कोरोना काल की वजह से शैक्षिक सत्र 2020-21 में पढ़ाई व्यवस्था गड़बड़ा गई है। महीनों तक महाविद्यालय नहीं खुले लेकिन ऑनलाइन पढ़ाई जारी रखने के निर्देश दिए गए। अधिकांश महाविद्यालयों ने पढ़ाई शुरू ही नहीं कराई। नवंबर 2020 के आखिरी सप्ताह से महाविद्यालयों में भौतिक कक्षाएं लगनी शुरू हुईं लेकिन पूरी तरह से नहीं। उसके बाद एलएलबी की परीक्षाएं, बैक पेपर की परीक्षाएं, इंप्रूवमेंट परीक्षाएं और लेफ्टआउट की प्रयोगात्मक परीक्षाओं की वजह से पढ़ाई नहीं हो सकी।
मुश्किल से दो महीने ही सही से कक्षाएं संचालित हुईं और अब परीक्षाएं शुरू हुई हैं। शासन के निर्देश पर सबसे पहले एलएलबी, बीबीए, बीसीए समेत अन्य विषयों की सेमेस्टर परीक्षाएं आयोजित कराई जा रही हैं। बरेली कॉलेज समेत कई महाविद्यालयों में परीक्षा केंद्र बनेंगे। परीक्षा के दौरान शिक्षण कार्य जारी रखना महाविद्यालयों के लिए मुश्किल होगा।
