Uttarakhand CM Update: परिवार संग राजभवन पहुंचे तीरथ, मुख्यमंत्री पद की लेंगे शपथ
देहरादून, अमृत विचार। राज्य के नए मुख्यमंत्री बनने जा रहे तीरथ सिंह राजभवन पहुंच गए हैं। उनके साथ उनका परिवार भी है। वे कुछ ही देर में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। इससे पहले विधानमंडल दल के नेता तीरथ सिंह रावत ने राजभवन में सरकार बनाने का दावा पेश किया था। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष …
देहरादून, अमृत विचार। राज्य के नए मुख्यमंत्री बनने जा रहे तीरथ सिंह राजभवन पहुंच गए हैं। उनके साथ उनका परिवार भी है। वे कुछ ही देर में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। इससे पहले विधानमंडल दल के नेता तीरथ सिंह रावत ने राजभवन में सरकार बनाने का दावा पेश किया था।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत के नेतृत्व में भाजपा के प्रतिनिधिमंडल ने राजभवन जाकर राज्यपाल बेबी रानी मौर्य से मुलाकात की। पार्टी की ओर से उन्हें पत्र भी सौंपा गया। राज्यपाल ने नए मुख्यमंत्री के रूप में चयनित तीरथ सिंह रावत को शपथ ग्रहण के लिए शाम चार बजे का समय दिया है। इस दौरान कार्यवाहक मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, केंद्रीय मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, सांसद अजय भट्ट, अजय टम्टा, राज्यसभा सदस्य नरेश बंसल आदि मौजूद रहे।
मालूम हो कि पौड़ी गढ़वाल लोकसभा सीट से सांसद तीरथ सिंह रावत उत्तराखंड के 10वें मुख्यमंत्री होंगे। बुधवार को देहरादून में भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित भाजपा विधानमंडल दल की बैठक में उन्हें सर्वसम्मति से विधानमंडल दल का नेता चुना गया है। नके साथ पांच से छह मंत्री भी शपथ ले सकते हैं।
क्या बाेले तीरथ
मैं पीएम नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और भारतीय जनता पार्टी प्रमुख जेपी नड्डा का शुक्रिया अदा करता हूं, जिन्होंने मुझ पर भरोसा किया, मैं पार्टी का एकमात्र ऐसा कार्यकर्ता हूं, जो एक छोटे से गांव से आता है। मैंने कभी सोचा भी नहीं था कि मैं इस मुकाम तक पहुंचूंगा। लोगों की अपेक्षाओं को पूरा करने और पिछले 4 वर्षों में किए गए कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए सभी प्रयास किए जाएंगे।
विधायक दलों द्वारा बहुमत मिलने के बाद तीरथ सिंह रावत को भाजपा पार्टी द्वारा उत्तराखंड का अगला मुख्यमंत्री बनाया जा रहा है। पद मिलने के बाद मीडिया से रूबरू होकर तीरथ ने कुछ इस तरह अपनी बात कह कर पार्टी का आभार जताया।
