अयोध्या: दोस्त की पत्नी से करता था बात, मसाला कारोबारी के बेटे को उतार दिया मौत के घाट, मिली लाश
अयोध्या। जनपद के अयोध्या कोतवाली क्षेत्र स्थित उर्दू बाजार निवासी पान मसाला कारोबारी के बेटे की हत्या उसके दोस्त ने ही की थी। यह वारदात पत्नी से संबंध के चलते अंजाम दी गई। पुलिस ने जिले के महाराजगंज थाना क्षेत्र के ऐमी आलापुर क्षेत्र से दफन लाश को बरामद किया है। मुख्य आरोपी को हिरासत …
अयोध्या। जनपद के अयोध्या कोतवाली क्षेत्र स्थित उर्दू बाजार निवासी पान मसाला कारोबारी के बेटे की हत्या उसके दोस्त ने ही की थी। यह वारदात पत्नी से संबंध के चलते अंजाम दी गई। पुलिस ने जिले के महाराजगंज थाना क्षेत्र के ऐमी आलापुर क्षेत्र से दफन लाश को बरामद किया है। मुख्य आरोपी को हिरासत में लेकर पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी हुई है।
8 मार्च को अयोध्या कोतवाली क्षेत्र के उर्दू बाजार का रहने वाला और श्रृंगार हॉट में पान मसाला की दुकान चलाने वाला 24 वर्षीय शुभम चौरसिया दोपहर खरीदारी के लिए नगर कोतवाली क्षेत्र के फतेहगंज गया था। जिसके बाद शाम 4:00 बजे उसका मोबाइल स्विच ऑफ हो गया था और उसकी कोई खोज खबर नहीं मिल रही थी। मामले की शिकायत पान मसाला कारोबारी कव्वाली धान चौरसिया की ओर से अयोध्या कोतवाली पुलिस को दिए जाने के बाद पुलिस ने प्रकरण में अज्ञात के खिलाफ अपहरण का मुकदमा पंजीकृत किया था।
सीसीटीवी फुटेज को खंगालने के बाद पुलिस संदिग्धों से पूछताछ में जुटी थी। संदिग्धों से मिली जानकारी के आधार पर बुधवार की भोर जनपद के क्राइम ब्रांच की स्वाट टीम, सर्विलांस सेल और अयोध्या कोतवाली पुलिस ने जानकारी हासिल कर महाराजगंज थाना क्षेत्र के आर्मी आलापुर क्षेत्र में खुदाई कराई तो दफन की गई शुभम चौरसिया की लाश बरामद हो गई। परिवारी जनों ने शव की शिनाख्त कर ली। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया।
बुधवार को अपर पुलिस अधीक्षक नगर विजय पाल सिंह ने बताया कि महाराजगंज थाना के आर्मी आलापुर क्षेत्र में लापता युवक शुभम चौरसिया का दफन शव बरामद हुआ है। हत्या के बाद उसके शव को हाथ पांव बांधकर दफना दिया गया था। मामले की छानबीन में पता चला है कि शुभम चौरसिया का एक खास मित्र नगर कोतवाली क्षेत्र का रहने वाला सुशांत पांडेय है।
मृतक शुभम चौरसिया अपने मित्र सुशांत की पत्नी से भी बातचीत करता रहता था। सुशांत ने अपनी पत्नी से संबंध के चलते अपने दोस्तों के साथ मिलकर शुभम चौरसिया की हत्या कर दी और शव को ले जाकर दफना दिया। उन्होंने बताया कि पुलिस प्रकरण में वारदात में शामिल सभी लोगों की तलाश में जुटी है। कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है।
