बरेली: बीजेपी वाले बताएं, कौन सी हवाई पट्टी की तैयार- अखिलेश

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, बरेली। मुरादाबाद में कार्यकर्ता प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल होने जाते वक्त एयरपोर्ट पहुंचे सपा के पूर्व मुख्यमंत्री व पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए कहा कि पड़ोसी प्रदेश में परिवर्तन हुआ है, अब यूपी में भी परिवर्तन होगा। कानून व्यवस्था के सवाल पर कहा कि …

अमृत विचार, बरेली। मुरादाबाद में कार्यकर्ता प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल होने जाते वक्त एयरपोर्ट पहुंचे सपा के पूर्व मुख्यमंत्री व पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए कहा कि पड़ोसी प्रदेश में परिवर्तन हुआ है, अब यूपी में भी परिवर्तन होगा। कानून व्यवस्था के सवाल पर कहा कि प्रदेश में लगातार घटनाएं हो रही हैं। इनमें कुछ ऐसी गंभीर घटनाएं हैं जिसकी आप और हम कल्पना तक नहीं कर सकते। जिस प्रदेश की कानून व्यवस्था ठीक नहीं है वहां विकास की उम्मीद नहीं कर सकते।

अखिलेश यादव ने कहा कि हमारी पार्टी के कराए कामों का क्रेडिट लेने की भाजपा नेताओं में होड़ लगी है। यह स्थिति बरेली में ही नहीं बल्कि पूरे प्रदेश की है। वर्तमान सरकार अगर झूठ नहीं बोलती तो बताएं कि उन्होंने अपने कार्यकाल में कौन सी हवाई पट्टी खुद बनाई। आरोप लगाया कि बीजेपी सिर्फ दूसरे के काम पर नाम कमाने का काम रही है।

सपा सरकार के कामों के फीते काट रहे भाजपाई
पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश को विकास के पथ पर लेकर जाने का काम सपा ने किया है। एयरपोर्ट, अस्पताल, सड़क, ओवरब्रिज बनाने का सिलसिला हमारी सरकार में शुरू हुआ जिस एयरपोर्ट के शुरू होने का क्रेडिट भाजपा ले रही है, इसकी जमीन खरीदने समेत अन्य कार्यों के लिए भी पैसा हमारी सरकार ने ही रिलीज किया था। मुख्यमंत्री पर तंज कसते हुए कहा कि भाजपा को बताना चाहिए कि उनके खुद के प्रोजेक्ट कितने हैं।

मुरादाबाद-रामपुर के बीच शुरू होने वाले एयरपोर्ट पर सरकार को घेरते हुए कहा कि आखिरकार सरकार यह कब बनाएगी। अखिलेश ने कानून व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए और कहा कि पुलिस को सिर्फ राजनीतिक पार्टी को परेशान करने के लिए लगा रखा है जो सच्चे ईमानदार अधिकारी हैं वे घर बैठे हैं तो कैसे उम्मीद करेंगे कि उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था ठीक हो जाए। तंज कसा कि मुख्यमंत्री दूसरों के काम पर सेल्फी खिंचवाकर एक कदम आगे जा रहे हैं।

उत्तराखंड में भाजपा का मुख्यमंत्री बदलने के सवाल पर इशारों ही इशारों में भाजपा पर निशाना साधा। कहा कि यह आगामी चुनाव के लिए शुभ संकेत है। पड़ोसी प्रदेश में बदलाव हुआ है। जनता भी इससे खुश है। बरेली एयरपोर्ट से निकलने के बाद अखिलेख यादव बड़ा बाइपास होते हुए मुरादाबाद के लिए रवाना हो गए। रास्ते में झुमका चौराहे पर महानगर कमेटी से गौरव सक्सेना और फतेहगंज पश्चिमी व मीरगंज में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने अखिलेश का स्वागत किया।

चुनावी तैयारियों की नब्ज टटोलने पहुंचे अखिलेश ने लिया फीडबैक
समाजवादी पार्टी सरकार के खिलाफ हल्ला बोल वर्ष 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी है। पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव जहां प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर रहे हैं तो वहीं उनके दूत भी अलग-अलग जिलों में जाकर वहां की नब्ज टटोल रहे हैं। यही वजह है कि एयरपोर्ट पहुंचने के बाद अखिलेश यादव ने सबसे पहले पार्टी पदाधिकारियों से मुलाकात कर जिले में चल रही राजनीतिक गतिविधियों का फीडबैक लिया।

जिलाध्यक्ष अगम मौर्य, महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी ने पार्टी की तरफ से चल रही चुनावी तैयारियों से अवगत कराया। दूसरी तरफ हाल ही में बरेली में मंडलीय कार्यशाला में भाग लेने के बाद एक बार फिर मुरादाबाद में आयोजित कार्यशाला में अखिलेश यादव भाग लेंगे। इसको लेकर विपक्ष सतर्क हो गया है।

होर्डिंग के बहाने सियायत चमका रहे दावेदार
हाल ही में सपा से विधानसभा चुनाव के लिए टिकट की दावेदारी करने वाले प्रत्याशियों ने पार्टी के प्रति मजबूत दावेदारी दिखाने को शहर में जगह-जगह अखिलेश यादव के स्वागत में पोस्टर और होर्डिंग लगवाए। इनमें शहर विधानसभा क्षेत्र से दावेदारी करने वाले सपा नेता कलीमउद्दीन का नाम सबसे आगे रहा। डेलापीर चौराहे से लेकर बड़ा बाइपास तक कई जगह होर्डिंग लगे होने पर अखिलेश से उनके करीबी के कयास लगाए जा रहे थे। इसके अलावा हेमंत राणा ने भी कोई कसर नहीं छोड़ी। कई बड़े नेताओं के होर्डिंग नहीं लगे, इस पर लोग चर्चा करते दिखे।

गुलदस्तों पर नहीं, समाजसेवा पर खर्च करें पैसा
अखिलेश यादव के स्वागत कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता फूलों के गुलदस्तों के साथ पहुंचे। इसको लेकर होड़ सी लगी थी। जिसके चलते करीब बीस मिनट में अखिलेश का काफिला एयरपोर्ट से बाहर निकल सका। एयरपोर्ट परिसर में ही दो से तीन बार अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं का मान रखने के लिए गुलदस्ते लिए। इस दौरान जिलाध्यक्ष से कहा कि पार्टी वालों से कहना कि गुलदस्तों पर इतना पैसा खर्च न करें, खर्च करना है तो समाजसेवा करें।

चुनिंदा नेताओं को मिला प्रवेश, बाकी रहे बाहर
अखिलेश यादव के स्वागत को बड़ी संख्या में सपाई एयरपोर्ट पहुंचे थे लेकिन सुरक्षा का हवाला देते हुए एयरपोर्ट प्रशासन ने सिर्फ चुनिंदा नेताओं को ही प्रवेश की अनुमति दी। इनमें जिलाध्यक्ष अगम मौर्य, महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी, पूर्व विधायक अताउर रहमान, पूर्व मंत्री/विधायक भगत शरन गंगवार, पूर्व विधायक सुल्तान बेग, शुभलेश यादव, विजयपाल सिंह, छोटेलाल गंगवार समेत कुछ नेता शामिल है।

एयरपोर्ट पर यह रहे मौजूद
सपा नेता मनोहर पटेल, हेमंत राणा, कलीमुद्दीन, रविंद्र यादव, सतेंद्र यादव, पं. विष्णु शर्मा, सूरज यादव, मयंक शुक्ला, डा. अनीस बेग, पार्षद शमीम अहमद, शुजा खान, मुडिया के निवर्तमान प्रधान वेदप्रकाश पटेल, सचिन, सुनील पटेल, देवेंद्र यादव, कदीर अहमद, आदेश यादव, शमीम अहमद, गौरव जयसवाल, भारती चौहान, दीप्ति पांडे, अशफाक गाजी, मोहित भारद्वाज आदि मौजूद रहे।

पास दिखाने को लेकर एयरपोर्ट निदेशक और अफसरों में बहस
एयरपोर्ट पर अखिलेश यादव के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर सुबह से ही पुलिस प्रशासन अलर्ट था। प्रोटोकाल के तौर पर प्रशासनिक अफसरों में सिटी मजिस्ट्रेट मदन कुमार और एसडीएम सदर विशु राजा भी पहुंचे थे। अखिलेश के हेलीकॉप्टर के लैंड करने के बाद जैसे ही दोनों अधिकारियों ने प्रवेश किया तो एयरपोर्ट डायरेक्टर राजीव कुलश्रेष्ठ ने पास दिखाने को कहा। उस वक्त तो दोनों अधिकारियों को बिना पास के ही जाने दिया। इसके कुछ देर बाद एयरपोर्ट डायरेक्टर ने फिर से दोनों अधिकारियों से पास के लिए लिखवाकर देने को कहा।

इस पर एसडीएम सदर का पारा चढ़ गया। कहा कि क्या वह आतंकवादी हैं, जो इस तरह से अभद्रता की जा रही है। बताया कि प्रोटोकाल में ड्यूटी लगी है। करीब 20 मिनट बहस होती रही। जिसके बाद किसी तरह मामला शांत हुआ तो एयरपोर्ट डायरेक्टर के खिलाफ एसडीएम सरकारी कार्य में बाधा डालने का मुकदमा लिखाने की बात कहकर चले गए।

संबंधित समाचार