पत्रकारों की पिटाई मामले में अखिलेश यादव और समर्थकों के खिलाफ दर्ज हुआ केस
उत्तर प्रदेश/मुरादाबाद। मुरादाबाद में पत्रकार पर हमले के मामले में पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। अखिलेश यादव के साथ ही 20 अन्य सपा नेताओं के खिलाफ पाकबड़ा थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है। इंडियन प्रेस एलाईवनेस एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डा. अवधेश पाराशर की तहरीर पर अखिलेश …
उत्तर प्रदेश/मुरादाबाद। मुरादाबाद में पत्रकार पर हमले के मामले में पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। अखिलेश यादव के साथ ही 20 अन्य सपा नेताओं के खिलाफ पाकबड़ा थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है। इंडियन प्रेस एलाईवनेस एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डा. अवधेश पाराशर की तहरीर पर अखिलेश यादव व अन्य सपाइयों के खिलाफ बंधक बनाकर मारपीट करने के आरोप में रिपोर्ट कराई है।
वहीं इस पर पलटवार करते हुए सपा के जिलाध्यक्ष जयवीर सिंह यादव ने इलेक्ट्रानिक चैनल के दो पत्रकारों पर पाकबड़ा थाने में रिपोर्ट सरकारा कार्य में बाधा डालने व मारपीट करने समेत अन्य गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
11 मार्च को सपा मुखिया कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल होने के लिए मुरादाबाद आए थे। इसी दिन उन्होंने पाकबड़ा थाना क्षेत्र के होटल होली डे रीजेंसी पर एक प्रेसवार्ता की थी। इसके बाद इलेक्ट्रानिक चैनल के पत्रकारों के साथ मारपीट हो गई थी। आरोप है कि अखिलेश यादव की शह पर उनके सुरक्षा कर्मियों ने मारपीट की गई। इसके बाद शुक्रवार को पूर्व सीएम अखिलेश यादव व उनके समर्थकों पर मुकदमा दर्ज करने के लिए माहौल काफी गर्मा गया।
12 मार्च को इंडियन प्रेस एलाईवनेस एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डा. अवधेश पाराशर के नेतृत्व में पत्रकारों के एक प्रतिनिधि मंडल ने एसएसपी व मंडलायुक्त से मुलाकात की। उनका कहना था कि प्रेस वार्ता के दौरान व्यक्तिगत सवाल पूछने पर अखिलेश यादव छटपटा गए और उन्होंने सुरक्षा कर्मियों से हमला करने को कहा। इसके बाद सुरक्षा कर्मी व 20 से अधिक सपा कार्यकर्ताओं ने पत्रकारों को बुरी तरह से पीटा। इस तहरीर के आधार पर पाकबड़ा थाने में अखिलेश यादव व बीस अज्ञात कार्यकर्ताओं के खिलाफ बंधक बनाकर मारपीट करने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
वहीं इस मामले में सपा के जिलाध्यक्ष जयवीर सिंह यादव ने भी इलेक्ट्रानिक चैनल के दो पत्रकार फरीद शमसी व उवैद रहमान पर सरकारी कार्य में बाधा डालने व माहौल खराब करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी थी। जिस पर दोनों पत्रकारों के खिलाफ भी पाकबड़ा थाने में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। इस मामले में थानाध्यक्ष रजनी द्विवेदी ने बताया कि दोनों तरफ से रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।
