बरेली: जिला अस्पताल में भाजपा के मंडल महामंत्री का सिर फोड़ा, हंगामा
अमृत विचार, बरेली। जिला अस्पताल की इमरजेंसी वार्ड में तैनात स्टाफ मरीजों के तीमारदारों के साथ दुर्व्यवहार कर रहा है। शनिवार को भाजपा के क्यारा ब्लॉक के मंडल महामंत्री सुनील की शौचालय में हाथ धोने को लेकर अस्पताल के सफाई कर्मचारी से नोकझोंक हुई। इसी बात पर गाली-गलौज करते हुए सफाई कर्मचारी ने धारदार हथियार …
अमृत विचार, बरेली। जिला अस्पताल की इमरजेंसी वार्ड में तैनात स्टाफ मरीजों के तीमारदारों के साथ दुर्व्यवहार कर रहा है। शनिवार को भाजपा के क्यारा ब्लॉक के मंडल महामंत्री सुनील की शौचालय में हाथ धोने को लेकर अस्पताल के सफाई कर्मचारी से नोकझोंक हुई। इसी बात पर गाली-गलौज करते हुए सफाई कर्मचारी ने धारदार हथियार से सुनील पर हमला कर दिया। हमले में सुनील का सिर फट गया। इससे अस्पताल के स्टाफ में हड़कंप मच गया। काफी देर तक हंगामा हुआ।
सूचना पर पुलिस पहुंच गई और पीड़ित से मामले की जानकारी ली। पुलिस ने इमरजेंसी के स्टाफ भी पूछताछ की। घायल अवस्था में तीमारदार सुनील ने बताया कि स्टाफ ने उससे दुर्व्यवहार किया। उसके विरोध करने पर उलझने लगे। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर कर्मचारी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कैंट थाना क्षेत्र के क्यारा ब्लॉक के रहने वाले सुनील ने बताया कि वह भारतीय जनता पार्टी में मंडल महामंत्री हैं। उन्होंने अपनी मां गायत्री देवी को गंभीर हालत के चलते शुक्रवार को जिला अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया था। भर्ती करने के बाद शनिवार को शौचालय में हाथ धोने को लेकर उनकी सफाई कर्मचारी से नोकझोंक हुई।
नोकझोंक के दौरान सफाई कर्मचारी ने उनके साथ गालीगलौज की और सिर पर किसी धारदार हथियार से वार कर दिया। जिससे वह घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही जिला अस्पताल के चौकी प्रभारी कुलदीप कुमार मौके पर पहुंच गए। कोतवाल गीतेश कपिल ने बताया कि आरोपी कर्मचारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
