मुरादाबाद: मरीज के पिता को निजी अस्पताल के डाक्टर ने मारा थप्पड़, हंगामा
मुरादाबाद, अमृत विचार। मरीज के लिए चिकित्सक को भगवान माना जाता है। लेकिन, जमीन के इस भगवान ने शनिवार को ऐसी हरकत कर दी कि आसपास मौजूद लोग दंग रह गए। दरअसल निजी चिकित्सालय के चिकित्सक ने मरीज के तीमारदार को थप्पड़ जड़ दिया। मामला पुलिस तक पहुंचा। शोर-शराबा हुआ। लेकिन, सब कुछ रफा-दफा हो …
मुरादाबाद, अमृत विचार। मरीज के लिए चिकित्सक को भगवान माना जाता है। लेकिन, जमीन के इस भगवान ने शनिवार को ऐसी हरकत कर दी कि आसपास मौजूद लोग दंग रह गए। दरअसल निजी चिकित्सालय के चिकित्सक ने मरीज के तीमारदार को थप्पड़ जड़ दिया। मामला पुलिस तक पहुंचा। शोर-शराबा हुआ। लेकिन, सब कुछ रफा-दफा हो गया। मरीज के गिड़गिड़ाते पिता को नियम कानून समझाकर पुलिस टीम थाने लौट गई। उपनिरीक्षक ने पीड़ित को थाना पहुंचकर फरियाद करने की नसीहत दी।
मझोला थाना क्षेत्र में आरटीओ आफिस के निकट स्थित निजी अस्पताल में दोपहर बाद हंगामा हुआ। लाइनपार निवासी पप्पू की बेटी भावना (32) को लेकर परिवार वाले अस्पताल पहुंचे थे। बताया गया कि 13 फरवरी को उसके पेट की पथरी का आपरेशन हुआ था। इस एवज में अस्पताल प्रबंधन ने निर्धारित शुल्क लिया था। इधर कुछ दिनों से आपरेशन का घाव हरा हो गया था, जिसे लेकर वह परेशान थी।
शनिवार को उसका पिता पप्पू उसे लेकर अस्पताल पहुंचा। उसने बेटी के इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया। बात चिकित्सक तक पहुंची, जिसके बाद भावना को दोबारा उपचार के लिए दाखिल कर लिया गया। इस दौरान चिकित्सक और तीमारदारों में आरोप-प्रत्यारोप लगने लगे। आरोप है कि अचानक इलाज करने वाले चिकित्सक ने रोगी के पिता को थप्पड़ जड़ दिया। साथ में गए छोटे भाई का मोबाइल फोन भी जमीन पर पटक दिया। मामले की जानकारी पुलिस को दी गई, जिस पर उपनिरीक्षक हर नंदन सिंह महिला कांस्टेबल की टीम संग अस्पताल पहुंचे और पीड़ित को थाने आने की नसीहत देते हुए वापस लौट आए। घंटे भर तक इस बात को लेकर अस्पताल में हंगामा होता रहा।
अस्पताल के प्रबंधक निसार सैफी का कहना है कि इलाज में कोई लापरवाही नहीं बरती गई। महीने भर पहले आपरेशन हुआ था। टांके में घाव होने की शिकायत पर मरीज को फिर से भर्ती कर लिया गया है। भावना के पिता ने डाक्टर को गाली दे दी, इसलिए उन्होंने हाथ उठा दिया। हालंकि घटना के समय मैं अस्पताल में नहीं था।
पुलिस मौके पर गई थी तो उसका विवरण होगा। पीड़ित की तहरीर के आधार पर कार्रवाई होगी। इसके लिए सीसीफुटेज देखी जाएगी। इस मामले की छानबीन कराई जाएगी। डाक्टर के थप्पड़ मारने की जांच कराई जाएगी।-अनिल कुमार यादव, सीओ सिविल लाइंस
