मुरादाबाद: लिपिक के घर के ताले तोड़कर दो लाख की चोरी
मुरादाबाद, अमृत विचार। सिविल लाइंस क्षेत्र में चोरों ने कृषि विभाग में तैनात कनिष्ठ सहायक के घर को दिनदहाड़े निशाना बना लिया। ताले तोड़कर अंदर घुसे चोर नकदी-जेवर समेत करीब दो लाख का माल समेट ले गए। मोहल्ले वालों ने जब चोर को घर से भागते देखा तो इसकी सूचना लिपिक को दी। मौके पर …
मुरादाबाद, अमृत विचार। सिविल लाइंस क्षेत्र में चोरों ने कृषि विभाग में तैनात कनिष्ठ सहायक के घर को दिनदहाड़े निशाना बना लिया। ताले तोड़कर अंदर घुसे चोर नकदी-जेवर समेत करीब दो लाख का माल समेट ले गए। मोहल्ले वालों ने जब चोर को घर से भागते देखा तो इसकी सूचना लिपिक को दी। मौके पर आकर उन्होंने देखा तो अलमारी के ताले टूटे थे और सारा सामान बिखरा हुआ था। उन्होंने सिविल लाइंस कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज करा दी है।
चोरी की घटना सिविल लाइंस क्षेत्र में कांठ रोड स्थित कृषि आवासीय कालोनी की है। यहां पर रहने वाले नरेंद्र सिंह कृषि विभाग में कनिष्ठ लिपिक के पद पर तैनात हैं। उनकी तैनाती मझोला थाना क्षेत्र में लाइनपार ढक्का कुन्दनपुर स्थित कार्यालय में चल रही है। शुक्रवार को वह रोजमर्रा की तरह घर पर ताला लगाकर अपने कार्यालय गए थे। उनके जाने के बाद चोरों ने उनके घर को निशाना बना लिया।
आरोप है कि ताले तोड़कर चोर अंदर घुस गया और नकदी-जेवर लेकर फरार हो गया। चोर को भागते समय क्षेत्रीय लोगों की नजर पड़ गई। शक होने पर मोहल्ले वालों ने नरेंद्र सिंह को इसकी सूचना दी। आनन-फानन में वह भी मौके पर आ गए। अंदर जाकर देखा तो अलमारी के ताले टूटे पड़े थे। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। नरेंद्र सिंह ने बताया कि चोर घर में रखे 42 हजार रुपये नकद, तीन सोने की अंगूठी, एक चेन व पायल समेत करीब दो लाख का माल समेट ले गए हैं।
