मीरजापुर में युवकों के शव के मिलने से सनसनी, हत्या की आशंका

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मीरजापुर। चुनार कोतवाली क्षेत्र के नंदूपुर गांव में सड़क किनारे तीन युवकों के शव मिलने की खबर से इलाके में सनसनी फैल गई है। गोली मारकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस और फोरेंसिक जांच की टीम मौके पर पहचान में जुटी है। मृतकों के जेब से मिले डीएल व डायरी …

मीरजापुर। चुनार कोतवाली क्षेत्र के नंदूपुर गांव में सड़क किनारे तीन युवकों के शव मिलने की खबर से इलाके में सनसनी फैल गई है। गोली मारकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस और फोरेंसिक जांच की टीम मौके पर पहचान में जुटी है। मृतकों के जेब से मिले डीएल व डायरी पर पता रोहतास, बिहार लिखा हुआ मिला है। तीनों शव सड़क किनारे किसी चार पहिया वाहन के कवर से ढके गए थे।

रविवार की सुबह ग्रामीणों की नज़र पड़ी तो सभी दंग हो उठे, धीरे-धीरे यहां बात जंगल में आग की तरह पूरे क्षेत्र में फैल गई और देखते ही देखते सैकड़ों की संख्या में मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। तीनों के चेहरे पर धारदार हथियार के निशान भी पाए गए हैं। चुनार कोतवाली प्रभारी निरीक्षक गोपाल गुप्ता का मानना है कि हत्या के बाद तीनों के शव को सड़क किनारे फेंका गया है। एक की जेब से एक जिंदा कारतूस व दूसरे की जेब से डायरी व डीएल पाया गया है।

गौरतलब हो कि रविवार की सुबह जिले के चुनार कोतवाली अन्तर्गत अदलपुरा चौकी क्षेत्र के वाराणसी-चुनार राज्य मार्ग- 74 पर सड़क के किनारे सुबह मार्निंग वाक पर निकले ग्रामीणों की नजर जब शवों पर पड़ी तो सभी सहम उठे। जिनकी सूचना पर चुनार पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंच कर नन्दूपुर में खून से लतपथ तीन शवों को अपने कब्जे में लेकर जांच पड़ताल शुरू की। मृतको में से एक व्यक्ति के पास मिले डायरी के आधार पर उसकी पहचान राज कुमार उर्फ पिन्टू यादव पुत्र घुघली यादव रोहतास (बिहार) उम्र लगभग 32 वर्ष के रुप में हुई है।

मृतक राज कुमार के भाई बिटू यादव ने बताया कि 13 मार्च को शाम चार-पांच बजे उसका भाई राज कुमार जो पिन्टू कुमार पुत्र राजेन्द्र सिंह निवासी बाईपास रोड, सोनभद्र की स्कार्पियो गाड़ी चलाता था। वाहन स्वामी पिन्टू कुमार व पड़ोस गांव के रहने वाले ओम पुत्र जमीदार साव (30) निवासी जमुआ थाना गोरारी, रोहतास (बिहार) के साथ गोरारी से रवाना हुए थे। इसके बाद उनके बारे में कोई जानकारी नहीं है।

लाश मिलने की खबर से उनके परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो उठा है। मृतकों में गाड़ी मालिक पिंटू कुमार के पास से 6 हजार रुपये, ओम की जेब से एक 315 बोर का जिंदा कारतूस और स्कॉर्पियो गाड़ी चालक राजकुमार के पास से ड्राइविंग लाइसेंस और डायरी मिली है। इधर चुनार पुलिस तीनों शवो को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्यवाही एवं अन्य विधिक कार्यवाही में जुट गयी है। हत्या का कारण अभी स्पष्ट नही हो पाया है कि हत्या क्यों व किसने की है?

संबंधित समाचार