बरेली: 16 मार्च से शुरू होंगी सेमेस्टर परीक्षाएं

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, बरेली। मंगलवार से विषम सेमेस्टर की परीक्षाएं शुरू हो रही हैं। 31 केंद्रों पर होने वाली परीक्षाओं में नकल रोकने के लिए पूरी सख्ती की जाएगी। इसके लिए सीसीटीवी कैमरों से नजर रखी जाएगी। क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी दफ्तर से भी परीक्षा की निगरानी होगी। एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने सचल दल बना दिया …

अमृत विचार, बरेली। मंगलवार से विषम सेमेस्टर की परीक्षाएं शुरू हो रही हैं। 31 केंद्रों पर होने वाली परीक्षाओं में नकल रोकने के लिए पूरी सख्ती की जाएगी। इसके लिए सीसीटीवी कैमरों से नजर रखी जाएगी। क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी दफ्तर से भी परीक्षा की निगरानी होगी। एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने सचल दल बना दिया है। इसके अलावा परीक्षा केंद्रों के महाविद्यालयों का अपना अलग सचल दल रहेगा। नकल में पकड़े जाने पर छात्र को सेमेस्टर से भी डिबार किया जा सकता है और उस पर आर्थिक दंड भी लगाया जाएगा।

परीक्षा के लिए बरेली जिले में आठ परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इसके अलावा 23 परीक्षा केंद्र शाहजहांपुर, पीलीभीत, बदायूं, रामपुर, मुरादाबाद व अन्य जिलों में बनाए गए हैं। बरेली में बरेली कॉलेज, आदर्श महाविद्यालय, डा. राममनोहर लोहिया कॉलेज, गन्ना उत्पादक महाविद्यालय, खंडेलवाल कॉलेज, राजेंद्र प्रसाद महाविद्यालय, सूरजभान इंस्टीट्यूट और जमुना प्रसाद मैमोरियल कॉलेज में केंद्र बने हैं। बड़ा कॉलेज होने के चलते सबसे ज्यादा 13 महाविद्यालयों की परीक्षा बरेली कॉलेज में होगी। यहां पर 5 हजार से अधिक छात्र परीक्षा देंगे, जिसमें स्वकेंद्र होने के चलते बरेली कॉलेज के 2355 छात्र शामिल होंगे। पहले दिन तो परीक्षा में ज्यादा दिक्कतें नहीं होगी लेकिन एलएलबी की परीक्षाओं में दिक्कत होने के चलते ही बरेली कॉलेज पूरी तैयारी कर रहा है।

बरेली कॉलेज के परीक्षा कंट्रोल रूम में भी सीसीटीवी से निगरानी की जाएगी। कॉलेज का सचल दल तो मौजूद रहेगा। इसके अलावा जिन महाविद्यालयों का केंद्र बरेली कॉलेज में है, उन महाविद्यालयों से भी बरेली कॉलेज के प्राचार्य ने परीक्षक उपलब्ध कराने के लिए कहा है ताकि नकल के दौरान सख्ती की जा सके। प्रशासनिक अधिकारी अनिल सिंह ने बताया कि सचल दल बना दिया गया है। परीक्षा विभाग के कंट्रोल रूम में लगे सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी।

संबंधित समाचार